
जनता दल परिवार को एकजुट करने के प्रयास करूंगा: विश्वनाथ
बेंगलूरु. जनता दल-एस के प्रदेश अध्यक्ष एएच विश्वनाथ ने कहा कि जनता दल परिवार से दूर चले गए नेताओं को दोबारा एकजुट करने के प्रयास करेंगे। विश्वनाथ ने रविवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने के बाद सोमवार को यहां शहर के गवि गंगाधरेश्वरा देवस्थान में विशेष पूजा की। बाद में उन्होंने कहा कि जनता दल परिवार से दूर हो चुके नेताओं को एकजुट कर पार्टी को मजबूत किया जाएगा। राज्य में तीन-तीन मुख्यमंत्री होने के बारे में भाजपा के ट्वीट पर उन्होंने कहा कि प्रजातंत्र में कोई कुछ भी बोल सकता है। लेकिन भाजपा जैसी राष्ट्रीय पार्टी को सोच-समझ कर बोलना चाहिए।
पार्टी कार्यालय में पदभार संभालने के बाद उन्होंने कहा कि पार्टी को नया स्वरूप प्रदान करने के लिए कड़ा परिश्रम करेंगे। दूसरे दलों में जा चुके नेताओं से पार्टी में वापस लौटने का आह्वान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश कार्यकारिणी को भंग कर वरिष्ठ व युवा नेताओं की नई टीम तैयार की जाएगी और लोकसभा के चुनाव से लिए अभी से तैयारी करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य की राजनीति को नई बयार, नई ताकत व नए तौर तरीकों की जरूरत है।
कार्यकर्ताओं के बिना पार्टी का कोई अस्तित्व नहीं और वे पार्टी की संपत्ति हैं। झंडे लगाने वालों से लेकर संघर्ष करने वालों तक सभी लोग पार्टी की सहारा होते हैं। सरकार से पार्टी बड़ी है लिहाजा कार्यकर्ताओं को आगे बढऩे के लिए हरसंभव अवसर दिए जाएंगे। विश्वनाथ ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के ससंद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गले लगाने को बचकाना हरकत बताया। विश्वनाथ ने बाद में मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी से उनके कार्यालय में जाकर भेंट की। इस मौके पर मंत्री एच डी रेवण्णा और विधान पार्षद टी ए सरवण्णा भी मौजूद थे।
तालाबों के विकास का समग्र प्रस्ताव पेश करें: मुख्यमंत्री
बेंगलूरु. मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने लघु सिंचाई विभाग को तालाबों का संरक्षण और समग्र विकास के संबंध में विस्तृत प्रस्ताव पेश करने के निर्देश दिए हैं . मुख्यमंत्री सोमवार को तालाब संरक्षण व विकास प्राधिकरण की कार्य प्रणाली पर चर्चा के लिए हुई बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र के साथ मिलकर तालाबों के संरक्षण में वे व्यक्तिगत रूप से रुचि लेंगे। तालाबों की सफाई कर तालाबों की भराव क्षमता को बढ़ाया जाना चाहिए। लेकिन इस काम के लिए आवंटित फंड का दुरुपयोग नहीं हो।
लघु सिंचाई मंत्री पुट्टराजु ने कहा कि लघु सिंचाई विभाग का सशक्तिकरण करके तालाबों की देखरेख व रख-रखाव को वरीयता देने की जरूरत है। बैठक में राजस्व मंत्री आर.वी. देशपांडे, जल संसाधन मंत्री डी.के. शिवकुमार, कृषि मंत्री शिवशंकर रेड्डी, ग्रामीण विकास व पंचायत राज मंत्री कृष्णा बैरेगौड़ा तथा वन मंत्री शंकर और अधिकारियों ने भाग लिया।
Published on:
07 Aug 2018 05:10 am
बड़ी खबरें
View Allबैंगलोर
कर्नाटक
ट्रेंडिंग
