
कुशलगढ़/बांसवाड़ा. कस्बे के रोडवेज बस स्टेण्ड के पास भारतीय स्टेट बैंक की कृषि विकास शाखा के कैश काउंटर से बुधवार सुबह एक युवक दस लाख रुपए पार कर ले गया। युवक को कोई सुराग नहीं लग पाया है। युवक की करतूत सीसीटीवी में जरूर कैद हो गई है। वारदात के समय बैंक परिसर में तीस से चालीस लोग मौजूद थे लेकिन युवक सभी की नजरों से बचकर अपना रुपए चुरा ले गया।
पुलिस के अनुसार वारदात करीब सवा ग्यारह बजे हुई। बैंक का कैशियर देवराज अपना काउंटर छोडकऱ अकाउंट अफसर के साथ परिसर में लगे बंद एटीएम को चालू करने चला गया। इसी दौरान वहां खड़े युवक ने इसका फायदा उठाया और काउंटर में रखी पेटी खोलकर उसमें रखे 500-500 के दो बण्डल उठाए और अपनी थैली में भरकर फरार हो गया। इसकी भनक परिसर में मौजूद कार्मिकों, मुख्यद्वार पर खड़े सुरक्षा कार्मिक लक्ष्मण लाल और अन्य लोगों को भी नहीं लग पाई।
दिन-दहाड़े घर में घुसकर चोरी करते युवक को दबोचा, ग्रामीणों ने जमकर की धुनाई फिर पुलिस को सौंपा
ऐसे चला पता
कैशियर देवराज एटीएम से वापस काउंंटर पर आया तो उसे पेटी खुली मिली और उसमें 500-500 के दो बण्डल गायब मिले। कैशियर ने सुरक्षा कार्मिक से 500 के बंडल लेकर मजाक करने की बात कही तो सुरक्षा कार्मिक ने इससे इनकार दिया। इस पर कैशियर के होश उड़ गए और बैंक में हडक़म्प मच गया। आनन फानन में सीसीटीवी फुटेज देखे तो उसमें 18 से 20 साल का गुलाबी शर्ट पहने एक युवक रुपयों के बंडल थैली में रखता हुआ और बैंक से बाहर निकलता हुआ दिखाई पड़ा। इसकी सूचना पर पुलिस पहुंची और नाकेबंदी करवाई, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं लगा।
दस मिनट में ही वारदात को अंजाम
युवक दस मिनट में ही वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। वह 11:05 पर बैंक में घुसा। 11:06 पर काउंटर पर आकर खड़ा हुआ। इस बीच कैशियर पांच मिनट के लिए मशीन को चालू करने गया तभी युवक ने इधर-उधर नजरें घुमाई और 11:11 पर पीछे गलियारे से दो काउंटर पार करते हुए तीसरे कैश काउंटर तक पहुंंचने के बाद पेटी से नोटों के बंडल उठाए और थैली में भरने के बाद 11:16 पर बैंक से बाहर निकल गया।