
बांसवाड़ा. वागड़ प्रयाग बेणेश्वरधाम पर रविवार को पत्रिका के अमृतं जलम् अभियान के तहत सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु नदी तट और घाट पर सफाई के लिए जुटे।
रुद्रवाहिनी, बेणेश्वर शिवालय ट्रस्ट, पत्रिका और पंचायत समिति के साझे प्रयास से यहां माही, सोम और जाखम नदियों के संगम स्थल आबुदर्रा घाट सुबह आठ बजे अभियान शुरू हुआ। रुद्रवाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगी प्रकाशनाथ महाराज के निर्देशन में यहां सैकड़ों श्रद्धालुओं ने नदियों के पेटे में डाली प्लास्टिक की थैलियां, उपजी खरपतवार और कचरे को निकाल बाहर किया। श्रमदान में विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों के साथ स्थानीय ग्रामवासी और प्रशासनिक अधिकारी एवं कार्मिक भी शामिल हुए। यहां नदी में सफाई के दौरान श्रमदान के प्रति ग्रामीणों का उत्साह देखते ही बना। योगी प्रकाशनाथ महाराज ने इस पुनीत कार्य में पूरे मनोयोग से जुटने का आह्वान किया और लगातार खुद भी मदद में लगे रहे।
बेणेश्वर पीठाधीश्वर और सांसद भी पहुंचे
कार्यक्रम में बेणेश्वर धाम के पीठाधीश्वर अच्युतानंद महाराज और बांसवाड़ा-डूंगरपुर क्षेत्र के सांसद कनकमल कटारा भी पहुंचे। उन्होंने भी श्रमदान में हाथ बंटाया। इस दौरान इनके साथ बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।