केन्द्र सरकार ने बढ़ती हुई महंगाई को ध्यान में रख गत माह मिड-डे मील की दरों में आंशिक बढ़ोतरी कर संस्थाप्रधानों को राहत दी थी। पर, प्रदेश सरकार ने बढ़ी हुई दर पर कैंची घुमा दी है। सरकार ने समस्त राजकीय विद्यालयों, मॉडल पब्लिक स्कूल एवं छात्रावासों के संस्थाप्रधानों को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के माध्यम से संचालित अन्नपूर्णा भण्डार केन्द्रों से ही खाद्यान सामग्री खरीदने के लिए पाबंद कर दिया है। जबकि, इन अन्नपूर्णा केन्द्रों पर खाद्य सामग्री के दाम बाजार दर से अधिक है। ऐसे में सरकार के नए फरमान ने उलझने बढ़ा दी हैं।