बांसवाड़ा/छाजा. आनंदपुरी थाना इलाके के मडक़ोला मोगजी गांव के गरासिया फला में अपने पीहर से अचानक लापता हुई एक नवविवाहिता का शव पास में ही कुएं में मिला। इसकी जानकारी से गांव में सनसनी फैल गई। मौके पर एकत्र ग्रामीणों ने शव बाहर निकाला। इत्तला पर थाने से पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की। मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए।
घटना मडक़ोला पंचायत क्षेत्र की है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि 21 वर्षीया मीनाकुमारी पत्नी गोपाल पारगी गुरुवार को ही पति के साथ अपने ससुराल बागीदौरा के चोरड़ी कोबा गांव से पिता के घर आम खाने के लिए आई थी। करीब एक घंटा घर पर रुकने के बाद मीना यह कहते हुए घर से निकली, कि थोड़ी में आती हूं। इसके बाद वह घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी प्रयासों पर भी कुछ पता नहीं चला। लंबे इंतजार के बाद गोपाल अपने गांव लौट गया। इसके बाद शनिवार को गांव के ही कुएं में मीना का शव दिखाई पड़ा।