बांसवाड़ा के जिला कोष कार्यालय में हुए 5 करोड़ 23 लाख 88 हजार 511 के गबन के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में पता चला है कि घोटाले का मास्टर मांइड स्टांप वेंडर आशीष जैन 80 प्रतिशत राशि स्वयं रखता था। जबकि, 20 प्रतिशत हिस्सा राशि सहायक प्रशासनिक अधिकारी नारायण को देता था। वेंडर जैन ने सहयोगी यादव को कार भी गिफ्ट की थी। साथ ही यादव के मकान निर्माण के दौरान भी आर्थिक मदद दी। वहीं जैन के पास करोड़ों रुपए की प्रोपर्टी होने के भी पुख्ता प्रमाण पुलिस को मिले हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में ही खांदू कॉलोनी निवासी स्टांप वेंडर आशीष जैन ने स्वीकार कर लिया कि यह घोटाला उसने सहायक प्रशासनिक अधिकारी नारायण लाल यादव के जरिए किया। वह स्वयं इसका मास्टर माइंड है। इस मामले में एक के बाद एक परत खुलती जा रहीं है। कोष कार्यालय से स्टांप लेने के बाद वेंडर आशीष जैन इन्हें बेचकर राशि अपने पास ही रखता था। अब पुलिस भी मानती है कि जैन इस पूरे खेल का मास्टर माइंड है।