
दिसंबर में होंगे धार्मिक आयोजन, शिक्षा और युवाओं की भागीदारी पर विशेष जोर
Bओबरी @पत्रिका.B मोड़ मेवाड़ा कलाल समाज के ओबरी, गरियता एवं सागवाड़ा (तीन चौखला) की संयुक्त बैठक गामड़ा ब्राह्मणिया में आयोजित हुई। मुख्य अतिथि सुंदरलाल डडूका और तीन चौखला अध्यक्ष नानूलाल पटेल की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में समाज की एकजुटता, भूमि विकास और शिक्षा के क्षेत्र में दूरगामी योजनाओं पर मंथन किया गया। विशिष्ट अतिथि चुनीलाल, भोगीलाल पाडवा, ओबरी चौखला अध्यक्ष कन्हैयालाल कोलखंडा, गरियता चौखला अध्यक्ष भरतलाल गरियता, सागवाड़ा चौखला अध्यक्ष रघुनाथ वरसिंगपुर तथा आसन मठ अध्यक्ष दिनेश उपस्थित रहे। अतिथियों के स्वागत के पश्चात समाज के कोषाध्यक्ष देवीलाल पटेल ने आय-व्यय का ब्योरा प्रस्तुत किया।
बैठक में जोधपुरा स्थित समाज की भूमि के विकास को लेकर महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए ब्लूप्रिंट और नक्शे के आधार पर एक भव्य सामुदायिक भवन बनाने का निर्णय लिया गया। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसका भूमि पूजन और शिलान्यास किया जाएगा। भूमि की सुरक्षा के लिए चारदीवारी निर्माण को प्राथमिकता देते हुए सर्वसम्मति से 'परकोटा निर्माण समिति' का गठन किया गया। इस नवगठित समिति को निर्देश दिए गए हैं कि वह आगामी 6 सितंबर को गरियता चौखला में होने वाली बैठक में परकोटा निर्माण की रूपरेखा और तैयारियों के साथ अपना प्रस्ताव प्रस्तुत करे। इसके अलावा, समाजजनों ने युवाओं और महिलाओं की सामाजिक गतिविधियों में भागीदारी बढ़ाने, शिक्षा को बढ़ावा देने, भविष्य में नर्सिंग कॉलेज जैसी योजनाएं लागू करने और समाज की भूमि पर सामूहिक गंगा उद्यापन जैसे महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी सहमति जताई।
सामाजिक विकास के साथ-साथ आगामी धार्मिक आयोजनों की भी वृहद रूपरेखा तय की गई। आसन मठ में 10 से 14 दिसंबर तक नानी बाई मायरा कथा और सहस्त्रबाहु भगवान अर्जुन मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव होगा। पंच दिवसीय आयोजन में 51 कुंडीय यज्ञ और विशाल कलश यात्रा निकाली जाएगी। इस अवसर पर आयोजन की पत्रिका एवं पोस्टर का विमोचन भी किया गया। संचालन कल्पेश झौसावा ने किया तथा आभार मोतीलाल गोवाड़ी ने व्यक्त किया। इस अवसर पर मणिलाल गोवाड़ी, हीरालाल पटेल, नटवरलाल ओबरी, हंसमुख, जयंतीलाल, भंवरलाल वरदा सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
Updated on:
05 Sept 2026 04:22 pm
Published on:
25 Aug 2026 06:01 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
