
बांसवाड़ा. कांगे्रस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी मंगलवार को बेणेश्वर धाम पर सलाडिय़ा में वागड़-मेवाड़ के कांगे्रस प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा रूपी तीर से उदयपुर संभाग की सभी लोकसभा सीटों पर निशाना साधेंगे। जनसभा में उदयपुर संभाग के विभिन्न जिलों से कांगे्रस कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचेंगे। सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उदयपुर में सभा की है और पूरी उम्मीद है कि राहुल गांधी मंगलवार को बेणेश्वर में सभा से मोदी को जवाब देंगे।
यहां से पहुंचेंगे मतदाता
जनसभा में बांसवाड़ा और डूंगरपुर की विधानसभा सीटों के अतिरिक्त उदयपुर लोकसभा क्षेत्र के सलूम्बर, खैरवाड़ा, उदयपुर, उदयपुर ग्रामीण, धरियावद, झाड़ोल, गोगुन्दा व प्रतापगढ़ जिले से बड़ी संख्या में मतदाताओं के पहुंचने की उम्मीद है। इसके लिए सभा की तारीख घोषित होने के बाद से पार्टी नेता जुटे हुए हैं।
महंत से लिया आशीर्वाद
मुख्यमंत्री सहित कांगे्रस नेताओं ने बेणेश्वर धाम स्थित मंदिर के दर्शन किए और पीठाधीश्वर महंत अच्युतानंद से आशीर्वाद भी लिया। गहलोत ने पीठधीश से कुछ देर चर्चा भी की। महंत ने मुख्यमंत्री को संत मावजी के चौपड़े सामसागर की प्रति भी भेंट की।
पूरे संभाग पर नजर
राहुल गांधी की सभा से कांगे्रस पूरे उदयपुर संभाग पर नजर डाल रही है। बांसवाड़ा-डूंगरपुर, उदयपुर, चित्तौडगढ़़ और राजसमंद लोकसभा क्षेत्र के कांगे्रस प्रत्याशियों के समर्थन में सभा यहां आयोजित करने के पीछे प्रमुख कारण यह है कि बेणेश्वर आदिवासियों का प्रमुख आस्था धाम है। बांसवाड़ा, डूंगरपुर, उदयपुर और प्रतापगढ़ से सटा हुआ है और अंचल में आदिवासी बड़ा वोट बैंक भी है। इसके कारण गांधी उदयपुर संभाग की चारों सीटों को एक साथ साधने की कोशिश करेंगे। गौरतलब है कि बीते दो-ढाई वर्षों में राहुल गांधी तीसरी बार वागड़ अंचल में आ रहे हैं। इससे पहले उन्होंने बांसवाड़ा के कॉलेज मैदान और गत विधानसभा चुनाव के दौरान सागवाड़ा में जनसभा को संबोधित किया था।
गहलोत, पांडे पहुंचे
गनोड़ा. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सोमवार शाम को बेणेश्वर धाम पहुंचे। उन्होंने तैयारियों का जायजा लिया और बड़ी संख्या में लोगों को सभा में लाने को लेकर निर्देश भी दिए। इस दौरान राजस्थान कांगे्रस प्रभारी अविनाश पांडे, तरूण कुमार, बांसवाड़ा व उदयपुर के प्रत्याशी, राज्यमंत्री अर्जुनसिंह बामनिया, विधायक महेंद्रजीतसिंह मालवीया, रमीला खडिय़ा सहित बांसवाड़ा जिलाध्यक्ष चांदमल जैन, डूंगरपुर जिलाध्यक्ष दिनेश खोडनिया, प्रतापगढ़ जिलाध्यक्ष भानुप्रतापसिंह, जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे।