बांसवाड़ा. सरकार की कल्याणकारी योजनाएं तो कई हैं, लेकिन जरूरतमंदों तक उसकी पहुंच नहीं है। यही कारण है कि कम उम्र के बच्चे पेट की खातिर मजदूरी करने को विवश हैं। यह तथ्य सज्जनगढ़ के रोहनिया लक्ष्मणसिंह गांव में एक परिवार के चार बच्चों के हालात से सामने आया है। चाइल्ड लाइन 1098 के आउटरिच कार्यक्रम के तहत क्षेत्र में पहुंची टीम ने पाया कि गांव में चार नाबालिग भाई-बहन बड़ी मुश्किल से गुजारा कर रहे हैं। टीम ने पड़ताल की, तो मालूम हुआ कि गांव के वागजी पटेल और उसकी पत्नी शांतुदेवी की डेढ़ वर्ष पूर्व मृत्यु हो गई। उसके बाद से उनके चार बच्चे प्रताप पटेल (12), कृष्णा पटेल (10), विशाल पटेल (8) एवं खुशी पटेल (6) जैसे-तैसे जीवन की गाड़ी चला रहे हैं। टीम ने बच्चों से बात की, तो पता चला कि उनमें पढऩे-लिखने का जुनून भी है, जिसके चलते स्कूल जाते हैं, लेकिन गरीबी के कारण दो वक्त का खाना भी बराबर नहीं मिल पा रहा है। बच्चों ने बताया कि घर में कमाने वाला कोई नहीं है, इसलिए वे मजदूरी करने जाते हैं। ग्रामीणों से चर्चा पर यह तथ्य भी संज्ञान में आया कि इन बच्चों को पालनहार योजना से भी अब तक किसी ने नहीं जोड़ा है।