
बांसवाड़ा/घाटोल. आदर्श प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खमेरा में मंगलवार को लापरवाही की इंतहा नजर आई, जबकि रात करीब साढ़े ग्यारह बजे दरवाजा बंद मिलने से एक प्रसूता एक घंटे तक बाहर पीड़ा में तड़पती रही। परिजन दरवाजा खटखटाते, चिकित्सक और कार्मिकों को पुकारते रहे लेकिन कोई बाहर नहीं आया। इन हालात के बीच रात करीब सवा बारह बजे अस्पताल के बाहर फर्श पर महिला का प्रसव हो गया।
इसके बाद परिजनों का शोर सुनकर चिकित्सक व कार्मिक अस्पताल से बाहर निकले, तो परिजन ने कड़ी नाराजगी जताई और लापरवाही का आरोप लगाया। बाद में चिकित्सक व स्टाफ ने प्रसूता व नवजात को वार्ड में ले जाकर भर्ती किया।
वाकया टांडा बड़ी पड़ाल निवासी कुलवंती (26) पत्नी राजमल गणावा के साथ हुआ, जब प्रसव पीड़ा होने पर परिजन मंगलवार रात करीब साढ़े ग्यारह बजे उसे लेकर खमेरा पीएचसी पहुंचे। उन्होंने अस्पताल का मुख्य द्वार बंद मिला तो चिकित्सक और कार्मिकों को आवाजें दी। जब काफी देर तक न तो दरवाजा खुला और नहीं कोई बाहर निकला तो परिजन और उग्र हो गए। इस बीच कुलवंती ने अस्पताल के बाहर फर्श पर बच्चे को जन्म दिया।
शोर शराबा सुनकर बाहर आया चिकित्सक
इधर प्रसूता के और रिश्तेदार अस्पताल पहुंच गए और हंगामा खड़ा कर दिया। काफी शोर शराबा सुनकर चिकित्सक बाहर आया। उसने परिजन से समझाइश के प्रयास किए। लेकिन परिजन अस्पताल प्रशासन पर लारवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करते रहे। काफी समझाइश के बाद परिजन माने और प्रसूता को वार्ड में ले गए और बैड पर सुलाया।
उपचार में भी देरी, उखड़े देलवाड़ा सरपंच
परिजनों ने बताया कि वार्ड में ले जाने के बाद भी यहां एक बजे तक इलाज शुरू नहीं किया गया। प्रसूता के साथ आए देलवाड़ा सरपंच नारायणलाल डोकी ने आरोप लगाया कि अस्पताल की लापरवाही से प्रसूता की जान पर बन आई। चिकित्सालय में नाइट ड्यूटी मेल नर्स मोहनलाल डोडियार की थी। इस मामले को लेकर चिकित्सकों एवं कार्मिकों से सम्पर्क करने का प्रयास किया लेकिन बात नहीं हो पाई।