
बांसवाड़ा. शहर सहित जिले के कई इलाकों में मौसम ने पलटा खाया और प्री मानसून की बारिश हुई। शहर में सुबह और शाम को हल्की बारिश हुई वहीं देर रात तेज बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। जिले के कुशलगढ़, लोहारिया, चिडिय़ावासा, तलवाड़ा, गढ़ी, परतापुर, घाटोल, बागीदौरा, आनंदपुरी, दानपुर, पालोदा सहित अन्य क्षेत्रों में भी शाम को बादल बरसे। मंगलवार शाम को हुई बारिश में बच्चों और युवाओं ने भीगने का आनंद भी लिया।
वागड़ में मानसून सिर पर, इंतजाम अधूरे, आपदा आई तो बचने के लिए नाव तक नहीं मिलेगी
बुधवार रात करीब 1 बजे से बादलों की गर्जना और बिजली की कडकड़़ाहट के साथ तेज बारिश हुई। जिले का अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री दर्ज किया गया। पिछले एक सप्ताह में दिन के तापमान में 10 डिग्री और रात के तापमान में करीब 6 डिग्री की गिरावट आई है। जिला कलेक्ट्रेट स्थित नियंत्रण कक्ष के अनुसार 13 जून से लेकर 18 जून तक करीब 28 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। इधर, बरसात का दौर शुरू होते ही किसानों के चेहरों पर खुशी देखी गई है। किसानों ने खेतों में बुवाई की तैयारियां भी शुरू कर दी है। अगले कुछ दिनों में मानसून के जोर पकडऩे का अनुमान है।