
बांसवाड़ा. प्रदेश के दक्षिणांचल स्थित वागड़ मंगलवार रात मानसून पूर्व (Pre-Monsoon In Rajasthan) की वर्षा से तरबतर हो गया। जिले का व्यापक इलाका वर्षा में भीगा। मंगलवार मध्यरात्रि से बुधवार सुबह तक वर्षा का दौर चला। कुछ इलाकों में तो मूसलाधार पानी (Heavy Rain In Rajasthan) बरसा। पहली ही हालांकि कुछ इलाकों में फुहारें गिरकर रह गई। वर्षा का ये शानदार आगाज हर शख्स के चेहरे पर खुशी ले आया। कई स्थानों पर खेत पानी से लबालब हो गए। किसान खेती की तैयारी में जुट गया। बाजारों में खाद बीज और अन्य खेती में जरूरी सामग्री की दुकानों पर एकाएक रौनक बढ़ गई। आमजन प्रचंड गर्मी से राहत पाकर खुश था। इस खुशी में बिजली जरूर लोगों के लिए दुश्मन बनकर सामने खड़ी हो गई। बौछारों से भीगे तन में उठ रहे सुकून के ज्वार पर बिजली गुल होने की टीस हावी सी हो गई। इसके बाद भी लोगों ने पहली जोरदार बारिश का जोरदार तरीके से इस्तकबाल किया। बुधवार को भी पूरे दिन आकाश में बादलों की आवाजाही रही हालांकि वर्षा का दौर थम सा गया।
Video : पहली ही बारिश में बांसवाड़ा पर मेघ मेहरबान, जगपुरा में छह, लोहारिया में पांच इंच बरसात
बांसवाड़ा के बाजार में किसानों की लगी रही भीड़
भीषण गर्मी का दंश उठा चुके किसानों के चेहरे अब खिल उठे हैं। भले ही मानसून अभी नहीं आया लेकिन मानसून के पूर्व (Pre-Monsoon In Banswara) ही बारिश ने किसानों के गदगद कर दिया। पहली बारिश संग ही किसान भी खरीफ फसल को लेकर बाजारों की ओर बढ़ चले ताकि समय से कृषि सामग्री की खरीदी कर सकें। और मंगलवार रात भर हुई बारिश के कुछ घंटो बाद ही किसान बाजार में पहुंचे और खरीदारी की। बुधवार को शहर के गांधी मूर्ति, कंधारवाड़ी, चंद्रपोल गेट के पास स्थित दुकानों खरीदारी के लिए भीड़ लगी रही। इस दौरान किसानों ने पिन्नी, तिरपाल, बीज, खाद और रस्सियां सारीखे जरूरी साजो सामान खरीदे।
गढ़ी में तीन इंच पानी बरसा
कलक्ट्री के बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अनुसार जगपुरा में 148 मिमी, लोहारिया में 128, गढ़ी में 75, भूंगड़ा में 72, घाटोल में 70, अरथूना में 63, बांसवाड़ा में 39, बागीदौरा व शेरगढ़ में 35-35, दानपुर में 25, सज्जनगढ़ में 19, सल्लोपाट में 17, कुशलगढ़ में 7 तथा केसरपुरा में 6 मिमी बारिश दर्ज की गई।