
बांसवाड़ा : जन संवाद में नहीं हुआ जनता से संवाद, घंटो बाहर खड़े रहे लोग और बंद कमरे में सिर्फ चुनींदा लोगों से मिली सीएम
बांसवाड़ा/परतापुर. पिछले दिनों यह जानकारी मिली थी कि हमारे यहां मुख्यमंत्री आ रही तो हमको यह उम्मीद थी कि वह हमसे मिलेंगी और हमारा दुखड़ा सुनेंगी, लेकिन यहां न तो उनसे मिला जा सका और न ही उनको अपना दुखड़ा सुना सके। हम यहां मिलने आए तो हमको दूर ही रोक दिया गया और कुछ लोगों को ही उनके पास तक पहुंचने दिया। हम उनसे मिलने के लिए सुबह 10 बजे से ही यहां खड़े थे। कुछ इसी तरह की पीड़ा बुधवार को गढ़ी में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री से मिलने की अभिलाषा लिए पहुंचे लोगों ने व्यक्त की। भारी भरकम पुलिस बंदोबस्त के चलते जहां चुनींदा लोग ही ज्ञापन देने जा सके, वहीं जन संवाद कार्यक्रम में भी भाजपा से जुड़े चुनींदा पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ लोगों से चर्चा की। करीब दो घंटे देरी से पहुंची मुख्यमंत्री राजे ने बंद कमरे में करीब साढ़े चार घंटे तक संवाद कायम किया।
मांगों पर मिला केवल आश्वासन
जन संवाद कार्यक्रम से गढ़ी विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को लम्बे समय से उनकी समस्याओं के समाधान की उम्मीद बंधी थी, लेकिन उसके विपरीत सरकार ने मांगों पर केवल आश्वासनों का मरहम लगाकर इतिश्री कर ली। मुख्यमंत्री के सामने गढ़ी मण्डल की ओर से परतापुर के कार्यकर्ताओं ने नगरपालिका संबंधी बात रखी, जिस पर उन्होंने कहा आपका काम हो गया और बात को समाप्त कर दिया। जबकि हकीकत यह है कि इस पर अभी तक बजट में घोषणा ही हुई। नोटिफिकेशन अभी तक जारी नहीं हो पाया है। इसके अलावा कई अन्य लोगों ने भी अपनी मांगे रखीं लेकिन केवल आश् वासन ही मिल पाया।
और रह गया उद्घाटन
जन संवाद कार्यक्रम के दौरान आनन-फानन में मुख्यमंत्री के हाथों अरथूना थाने का उद्घाटन कार्यक्रम स्थल पर ही करने की योजना बनाई गई एवं इसके लिए उद्घाटन पट्टिका भी तैयार करवा ली गई, लेकिन जानकारी के अनुसार आनन-फानन में तैयार पट्टिका को लेकर कुछ भ्रम की स्थिति को देखते हुए कार्यक्रम एनवक्त पर स्थगित कर दिया।
सडक़ों के विकास पर खर्च होंगे 23 करोड़ रूपए
मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने बांसवाड़ा दौरे के बागीदौरा विधानसभा क्षेत्र के लोगों के साथ जनसंवाद के बाद क्षेत्र के लिए 23 करोड़ रूपये के सडक़ विकास कार्यों सहित कई सौगातें दी। इसके तहत मानगढ़ धाम में पेयजल, विद्युत व्यवस्था एवं अन्य विकास कार्य दो माह में पूरे किए जाएंगे। छींछ गांव में ब्रह्मा मंदिर के पास स्थित छींछ सरोवर के विकास पर 1 करोड़ रुपए, बाड़ोदिया तालाब में गंदे पानी की समस्या के समाधान के लिए 50 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे और गांगड़ तलाई से दाहोद तक रोडवेज बस चलाने की घोषणा की। इसी तरह बुधवार को गढ़ी विधानसभा क्षेत्र में जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान पालोदा क्षेत्र के 6 गांवों में पेयजल आपूर्ति के लिए एक करोड़, सरेड़ी बड़ी के सीनियर सैकेण्डरी विद्यालय में जीव विज्ञान विषय खोलने एवं लोहारिया विद्यालय में विज्ञान विषय का अध्यापक नियुक्त करने की घोषणा की है।
Published on:
31 May 2018 10:50 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
