
बांसवाड़ा में मुर्गों का दंगल, दौड़ पर भी लगने लगा सट्टा
घाटोल/बांसवाड़ा. जिले में अब तक ताश के पत्तों और मैच पर ऑनलाइन सट्टेबाजी देखी गई, लेकिन रविवार को देलवाड़ा गांव में मुर्गों की लड़ाई व दौड़ पर सट्टा सामने आया। जानकारी पर मोटागांव थाना पुलिस दौड़ी तो सटोरिए अपनी गाडिय़ां छोडकऱ पैदल ही भाग छूटे।
जगपुरा पुलिस चौकी से चार किलोमीटर दूर खुले में टेंट लगाकर और बाकायदा स्टेज बनाकर मुर्गों की दंगल एवं दौड़ के खुलासे ने हर किसी के कान खड़े कर दिए। सुबह करीब नौ बजे से यह खेल शुरू होने की जानकारी पुलिस को मुखबीर के जरिए मिली। जिस पर पुलिस ने दबिश दी। मौके से एक भी सटोरिया हाथ नहीं आया, लेकिन पुलिस को छह गाडिय़ां बरामद हुई। यहां गत्ते के बक्सों में बंद खास किस्म के छह मुर्गे और राजस्थान, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र पासिंग के चार पहिया वाहनों के साथ यहां दो मोटरसाइकिलें भी मिली। पुलिस ने वाहन और मुर्गे जब्त कर लिए।
करीब 50 सट्टेबाज बाहरी, स्थानीय लोग भी रहे दर्शक
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार देलवाड़ा के सार्वजनिक खेल मैदान में सुबह वाहनों से करीब 50 लोग पहुंचे और करीब दस से अधिक टेंट लगवाकर खेल शुरू किया। मुर्गे की लड़ाई और दौड़ पर दांव लगाए गए। स्थानीय ग्रामीण भी दर्शक बनकर पहुंचे। बाद में माजरा समझ में आया।
दोपहर बाद चेती पुलिस
सुबह से चल रहे इस खेल के बारे में पुलिस को दोपहर बाद सूचना मिली और तब करीब तीन बजे मौके पर मोटागांव से चार जवानों से भरी जीप पहुंची। पुलिस जीप आती देखकर सटोरिए भाग छूटे। थानाधिकारी उदयसिंह ने बताया कि हैडकांस्टेबल रणसिंह के नेतृत्व में भेजी टीम से रात 8 बजे तक संपर्क नहीं हो पाया। इससे पूरा मामला अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
Published on:
19 Nov 2018, 11:47 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.