
बांसवाड़ा। रक्षाबंधन का त्योहार मनाने गए परिवार के घर पर पीछे से चोरों ने धावा बोल दिया। मौके का फायदा उठाकर चोर लाखों का सामान व सवा लाख रुपये की नकदी समेटकर फऱार हो गए। चोरी की वारदात सूर्यानंद कॉलोनी में होना सामने आई है। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घटना का मौका मुआयना किया है।
शिक्षक और बैंककर्मी के सूने मकान को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार परिवार के सभी सदस्य रक्षाबंधन के पर्व को लेकर त्योहार मनाने गांव गए थे। इस दौरान पीछे से चोरों ने मकान को निशाना बनाया। चोरी की वारदात का पता लगने पर पीड़ित परिवार हैरान रह गया। शिक्षक और बैंककर्मी के सूने मकान पर चोरी की घटना हुई है। सूर्यानंद नगर निवासी मंजू जैन और उनके घर पर किराये से रहने वाले लोकेश कोठारी के घर से चोरी हो गई। स्थानीय लोगों ने चोरी की जानकारी मकान मालिक को दी। इसके बाद मकान मालिक व किरायादार के घर पहुंचने पर लाखों की चोरी होने के बारे में सही जानकारी मिल सकी।
वारदात देख दंग रह गया परिवार
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब घर के दरवाजे खुले देखेे तो अनहोनी होेने का शक हुआ। मकान के बाहर से आवाज लगाने पर कोई जवाब नहीं मिल पाया। इसके बाद तत्काल मकान मालिक मंजू जैन और किराएदार लोकेश कोठारी को फोन कर घर के गेट खुले होने के बारे में बताया। इसके बाद दोनों परिवार घर पहुंचे तो बिखरे सामानों को देखकर हैरत में पड़ गए।
मकान मालिक को रक्षाबंधन पर जाना पड़ा भारी
मकान मालिक मंजू ने बताया कि रक्षाबंधन पर अपने पीहर घाटोल गई थीं। लोकेश कोठारी उनकी पत्नी सुषमा के साथ मोटागांव गए थे। मौके का फायदा उठाकर चोर घर में रखी 4-5 सोने की चेन, अंगूठी, सोने के सिक्के, नाक की लोंग और 30 हजार रुपए नगद चोर ले गए। वहीं, किराएदार के घर से 3 तोला सोना, 2 तोले का मंगलसूत्र, कान की बाली, अंगूठी, पौन किलो चांदी और एक लाख रुपए नकद चुरा ले गए।
Published on:
26 Aug 2018 07:52 pm
