बांसवाड़ा.Rahul Gandhi in maangaarh dham: राजस्थान-एमपी सहित देश के पांच राज्यों में विधानसभा का चुनावी चक्र नजदीक है। इसकी गूंज आज मानगढ़ धाम से सुनाई देगी। कांग्रेस राजस्थान और एमपी की रिजर्व 72 सीटों पर यहां से अपना हाथ पहुंचाने का प्रयास करेगी। इसमें राजस्थान की 25 और मध्यप्रदेश की 47 सीटें शामिल हैं। रिजर्व सीटों को देखते हुए सभा के लिए विश्व आदिवासी दिवस का दिन तय कर कांग्रेस आज बड़ी सभा करने जा रही है। इसमें पार्टी के आलाकमन कहे जाने वाले नेता से लेकर प्रदेश के मुखिया शामिल हो रहे हैं। सभा इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्यों कि एक ही हाथ से सभी को साधने का प्रयास रहेगा। इसलिए ही कांग्रेस यहां पूरा जोर लगा रही है। क्योंकि प्रदेश में अन्य स्थानों पर जातिगत व अन्य समीकरण देखें तो अलग-अलग हैं। इसके लिए अलग-अलग राजनीति के दांव-पेंच की दरकार है। पर, यहां रिजर्व सीटों पर दाव यदि चल जाता है तो कांग्रेस की झोली भर सकती है। इसे ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री कई बार मानगढ़ पहुंच चुके हैं और अब पूरी ताकत के साथ आदिवासियों के महत्वपूर्ण दिवस पर जुड़कर वोट बैंक बढ़ाने की मंशा है।