14 नवंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

राजस्थान का रण : वागड़ में चुनावी सभाओं में राजे ने सुनाई विकास पुराण, गहलोत ने छोड़े शब्द बाण

www.patrika.com/banswara-news
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

बांसवाड़ा

•

image

Varun Kumar Bhatt

•

Updated: 24 Nov 2018, 12:46 PM IST

banswara

राजस्थान का रण : वागड़ में चुनावी सभाओं में राजे ने सुनाई विकास पुराण, गहलोत ने छोड़े शब्द बाण

बांसवाड़ा. वागड़ में चुनावी बुखार शुक्रवार को परवान पर रहा। दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों भाजपा और कांग्रेस के नेताओं के दौरे हुए। भाजपा के लिए मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने चार सभाओं को संबोधित किया वहीं कांग्रेस के लिए पूर्व मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय महासचिव अशोक गहलोत ने 3 सभाओं को संबोधित किया। दोनों ने खूब शब्द बाण चलाए और एक दूसरे को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ी। वसुंधरा ने अपनी सरकार की विकास पुराण में कांग्रेस के पचास साल के शासन को लपेटा तो गहलोत ने इसका जवाब ये कहकर दिया कि जो विकास हुआ है वह कांग्रेस के नेताओं की देन है।

Video : गहलोत ने शाह पर किया कटाक्ष, बोले- लोगों को कानून हाथ में लेने को कह रहे अमित शाह

हमने वोटों की नहीं, विकास की राजनीति की है- राजे
बांसवाड़ा. मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने वागड़ के चुनावी दौरे का आगाज शुक्रवार को बांसवाड़ा जिले की गढ़ी विधानसभा के आंजना गांव से किया। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए भाजपा शासन की उपलब्धियां गिनाई और कहा कि कांग्रेस ने पचास साल में जो काम नहीं किया वह भाजपा ने पांच साल में किया है। प्रदेश को बीमारू राज्य की श्रेणी से बाहर निकाला। कांग्रेस वोट की राजनीति करती आई है और भाजपा ने विकास की राजनीति की है। मुख्यमंत्री शाम चार बजे आंजना पहुंची और करीब बीस मिनट तक अपना संबोधन दिया। उन्होंनें अपनी बात की शुरुआत अपने पांच साल के कामकाज से की और कहा कि पांच साल में काफी काम हुए हैं लेकिन कांग्रेस उनसे पांच साल का हिसाब और जवाब मांगती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने अपनी गौरवयात्रा के दौरान इसका हिसाब दिया है। अब मैं कांग्रेस के लोगों से सवाल पूछती हूं कि वे बताएं पचास साल में उन्होंने लोगों के लिए क्या किया ? वे लोग हिसाब दे नहीं सकते। कांग्रेस के लोग कहते हैं एक लाख करोड़ का कर्ज छोडकऱ गए और अब तीन लाख करोड़ पहुंचा दिया। उन लोगों की याददाश्त ठीक नहीं है। उनके समय दो लाख 20 हजार करोड़ का कर्ज था। हमने कर्ज लिया उससे परिसंपत्तियां बनाई। कांग्रेस ढाई लाख करोड़ के कर्ज का हिसाब दे। भाजपा सरकार ने सेवाभाव से काम किया है, जाति-धर्म के नाम पर दरारें खड़ी नहीं की। जबकि कांग्रेस ने जाति-मजहब के नाम पर वोटों की राजनीति की। मुख्यमंत्री ने चिकित्सा, शिक्षा के क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियों का भी जिक्र किया। सभा में प्रत्याशी कैलाश मीणा, खेमराज गरासिया, हकरू मईड़ा, हरेंद्र निनामा सहित सांसद मानशंकर निनामा, विधायक जीतमल खांट, भवानी जोशी, जिलाध्यक्ष मनोहर त्रिवेदी, एडवोकेट भगवतपुरी, डेयरी संघ अध्यक्ष रूपेंग पाटीदार आदि मौजूद रहे। संचालन जिला महामंत्री गोविन्दसिंह राव ने किया। सभा में कुशलगढ़ प्रत्याशी भीमा भाई की अनुपस्थिति भी चर्चा का विषय रही। सभा के बाद रवानगी से पूर्व भीड़ में मीडियाकर्मियों ने रेलवे परियोजना के बंद होने संबंधी सवाल किया तो मुख्यमंत्री हमने कब बंद की है, कहते हुए आगे बढ़ गई।

Video : सीएम राजे ने विपक्ष पर साधा निशाना, कहा- हमने वोटों की नहीं, विकास की राजनीति की है

कांग्रेस ने कराया विकास, सवाल जायज नहीं- गहलोत
बांसवाड़ा. आबापुरा. कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार सुबह मां त्रिपुरा का आशीर्वाद लेकर बांसवाड़ा जिले में दो तथा डंूगरपुर में एक चुनावी सभा में मंच से भाजपा सरकार पर हमला बोला। गहलोत ने पहली जनसभा बांसवाड़ा विधानसभा के पाडला में एवं दूसरी बागीदौरा के रोहनवाड़ी में की। इनमें गहलोत ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री जनता के सामने झुकतीं तो अब चुनाव में जनाक्रोश देखने को नहीं मिलता। लोकतंत्र में माई-बाप तो जनता होती है। उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से राजे का 36 का आंकड़ा रहा, आज चुनाव आए तो उनके आगे झुक गई। ऐसे में बहुमत देने वाली जनता अब पूछने लगी है कि हमारा कसूर क्या था। 15 लाख नौकरियां देने का उनका वादा झूठा साबित हुआ। गहलोत ने भाषण में शाह को भी निशाने पर लिया और उनके बयान पर बोले, देश किस दिशा में जा रहा है। वोट मांगने आए और वे कह रहे हैं गिरेबान पकड़ो। सुप्रीम कोर्ट भी कह चुकी कि लोकतंत्र खतरे में है। कानून व्यवस्था कमजोर है। सीबीआई, ईडी पूरा तंत्र दबाव में है। गहलोत ने अपनी सरकार बनने पर राजे सरकार की तरह लोक हित की योजनाएं बंद नहीं करने का वादा कर कहा कि जो कुछ विकास हुआ है, भीखाभाई, गौरीशंकर पंड्या, भोगीलाल पंडय़ा, हरिदेव जोशी जैसे कांग्रेस के नेताओं ने ही किया है। अब सत्तर सालों के काम पर सवाल उठाकर आपके मान-सम्मान को ठेस पहुंचाई जा रही है। पाड़ला की सभा में कांग्रेस प्रत्याशी अर्जुन बामनिया एवं रोहनवाड़ी सभा में प्रत्याशी महेंद्रजीत सिंह मालवीया मौजूद रहे। गहलोत के भाषण के दौरान किसी बात पर मंच के पास एक पुलिसकर्मी ने किसी ग्रामीण को टोका। इससे शोर बढ़ा, तो गहलोत ने वक्तव्य रोककर कहा शांति करवा रहे या हल्ला। गहलोत के दौरे के दौरान राष्ट्रीय सचिव तरुणकुमार, पूर्व सांसद ताराचंद भगोरा, जिलाध्यक्ष चांदमल जैन, डूंगरपुर जिलाध्यक्ष दिनेश खोडनिया, प्रत्याशी कांता भील, नानालाल निनामा व अन्य मौजूद रहे।