
Police officers Team in Barabanki Government School Searching
बाराबंकी जिले के रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र के राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय से एक हाई स्कूल की छात्रा के गायब होने के बाद हड़कंप मचा हुआ है। लखनऊ जनपद की रहने वाली हाई स्कूल की छात्रा रामसनेहीघाट क्षेत्र के करौधिया, सनौली राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय में पढ़ती थी, वह 13 तारीख से गायब है। परिवार वालों का आरोप है कि विद्यालय और प्रशासन लड़की के गायब होने की बात 2 दिन तक छुपाता रहा। वहीं 2 दिन बाद विद्यालय के प्रधानाचार्य ने रामसनेहीघाट कोतवाली पहुंचकर छात्रा के गायब होने का मामला दर्ज कराया है। छात्रा के गायब हो जाने के बाद आज जिले के आला अधिकारियों ने विद्यालय पहुंचकर घंटों विद्यालय कर्मचारियों से पूछताछ की।
पूरा मामला बाराबंकी जनपद के रामसनेहीघाट तहसील व कोतवाली क्षेत्र के करौधिया सनौली राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय का है। यहां हाई स्कूल में पढ़ने वाली छात्रा मोनिका रावत पिछले 2 दिनों से गायब है।
छात्रा मोनिका रावत पुत्री मनोज कुमार तकरोही, इंदिरानगर जनपद लखनऊ की रहने वाली है। परिजनों का आरोप है कि छात्रा 2 दिन से गायब है लेकिन स्कूल प्रशासन इस बात को छुपा रहा था। आज स्कूल के प्रधानाध्यापक ने रामसनेहीघाट कोतवाली पहुंचकर छात्रा के गायब होने की तहरीर देते हुए मामला दर्ज कराया है।
राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय से छात्रा के गायब हो जाने की सूचना से जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक और एसडीएम रामसनेहीघाट मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक गार्ड एवं अन्य कर्मचारियों से घंटों पूछताछ की। विद्यालय से छात्रा गायब हो जाने के बारे में जब अधिकारियों से पूछा गया तो वह इस मामले में जानकारी देने में हीला हवाली करते रहे।
वहीं इस बारे में जब अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश नारायण सिंह से फोन पर जानकारी लेनी चाही गई तो उन्होंने फोन नहीं उठाया। आश्रम पद्धति विद्यालय से छात्रा के गायब हो जाने के बाद परिवार परेशान हैं। वहीं विद्यालय में पढ़ने वाले अन्य छात्र छात्राओं के परिजनों में डर का माहौल है।
Published on:
15 Sep 2022, 3:52 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.