बाराबंकी मुख्यालय पर कतारों में एक दूसरे से सटकर खड़े दिखाई दे रहे यह लोग किसी मंदिर का प्रसाद लेने के लिए नहीं खड़े हुए, बल्कि इन सभी लोगों के मन में एक ही धुन है कि जल्द से जल्द उनके हाथो में शराब की बोतल आ जाये। इस धुन के लिए यह लोग भूल गए कि यह दौर महामारी का है और इससे बचाव करना उनकी जिम्मेदारी है। सरकार ने जहां लोगों से कम से कम 6 फीट की दूरी बनाने के लिए कहा, वहीं यह शराब के शौकीन लोग आधा फीट की दूरी का भी पालन करने को तैयार नहीं थे। इन लोगों का कहना है कि सरकार ने शराब की दुकान खुलवा कर काफी अच्छा काम किया है। इससे गांजा, अफीम, भांग और चरस की ओर भाग रहा आदमी फिर शराब की तरफ मुड़ जाएगा और स्थितियां जल्दी ही सामान्य हो जाएंगी। शराब के सेवन से उन्हें रात में अच्छी नींद और दिन में ज्यादा काम करने में बल मिलेगा।