बारां/नीमच. कोतवाली थाना पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोप में नीमच के एक मंडी व्यापारी को हिरासत में लिया है। कोतवाली प्रभारी रामबिलास मीणा ने बताया कि नीमच के व्यापारी के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में नामजद मुकदमा दर्ज है। प्रकरण में अनुसंधान के लिए व्यापारी को गुरुवार को पूछताछ के लिए नीमच से बारां लाया गया है। पूछताछ और अनुसंधान के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीम गुरुवार सुबह नीमच पहुंची। पुलिस टीम के एसआई कैलाश यादव ने बताया कि करीब दो साल पहले बारां के लहसुन व्यापारी निर्मल नागर ने कोर्ट में केस दायर किया था। जिसमें नीमच के कुछ व्यापारियों पर धोखाधड़ी करने का आरोप था। करीब 7 से 8 फर्मों ने मिलकर बारां निवासी निर्मल के साथ धोखाधड़ी की थी। मामले में कोर्ट ने पुलिस को पिछले दिनों आरोपियों पर 420 सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए थे। इसी सिलसिले में पुलिस यहां पहुंची। एक लहसुन व्यापारी को गिरफ्तार किया है।