बारां. एसटीएससी एक्ट के विरोध में गुरुवार को बारां जिला बंद रहा। इस दौरान नारेबाजी करते हुए बंद समर्थकों ने रैली निकाली, मानव श्रंखला बनाकर तो कहीं जाम लगाया व टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। शहर में राज्य वरिष्ठ नागरिक बोर्ड अध्यक्ष व भाजपा नेता प्रेम नारायण गालव एवं कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रमोद जैन भाया के घरों पर भी बंद समर्थकों ने नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया।
इस दौरान जिले भर में दोपहर तक हल्के विरोध प्रदर्शन के साथ शांतिपूर्ण बंद रहा। दोपहर करीब 11 बजे शहर के कोटा रोड पर गजनपुरा गांव में कुछ बंद समर्थकों से झगड़ा हो गया। इस दौरान एक युवक के मामूली चोट आई। इसकी सूचना बंद समर्थक भड़क गए तथा मौके के लिए रवाना हुए, लेकिन पुलिस ने रोक लिया तो उन्होंने कोटा रोड आरओबी पर ही कुछ देर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरानन पुलिस ने समझाइश कर जाम खुलवाया। यहां से बंद समर्थकों की भीड़ प्रताप चौक पहुंची। यहां नारेबाजी करते हुए आरोपी की गिरफ्तार की मांग पर अड़ गए। यहां बंद समर्थकों की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक से बहस भी हुई। फिलहाल पुलिस प्रताप चौक पर प्रदर्शन जारी है।