बारां. राज्य सरकार की ओर से सामूहिक विवाह को बढ़ावा देने को लेकर दावे तो खूब किए जा रहे हैं, लेकिन इसके प्रोत्साहन पर नियमों का हवाला देते हुए कंजूसी बरती जा रही है। हाल ही में बारां शहर में हुए ऐतिहासिक सामूहिक विवाह सम्मेलन में फेरे लेने वाली बेटियों की प्रोत्साहन राशि में नियमों का पेंच फंस गया है। करीब दो हजार बेटियों को विवाह पर मिलने वाली करीब चार करोड़ रुपए की प्रोत्साहन राशि को लेकर संशय की स्थिति बनी हुई है। उल्लेखनीय है कि सम्मेलन में जोड़ों को लेकर नया गिनीज वल्र्ड रिकॉर्ड बना था। इस आयोजन में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत समेत कई कांग्रेस नेताओं ने भाग लिया था।