बारां. जिले के भंवरगढ़ थाना क्षेत्र के फल्दी व रामपुरिया गांव के ग्रामीण क्षेत्र में बढ़ती चोरी की वारदातों से खासे परेशान है। आए दिन चोरी की वारदातें हो रही हैं। पुलिस उदासीनता बरतते हुए घटनाओं का खुलासा नहीं कर रही। इससे क्षेत्र के लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर आक्रोश गहराता जा रहा है। इस मामले को लेकर मंगलवार को भी पिंजना सरपंच उम्मेद सिंह टीटू चौधरी की अगुवाई में ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक से भेंट कर ज्ञापन दिया। चोरी की घटना से आहत मदारी परिवार एवं ग्राम पंचायत की ओर से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। दो दिन पहले भी चोरी के मामले में शिकायत लेकर थाने पहुंचे सरपंच व थाना प्रभारी के बीच तकरार हो गई थी।