8 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जो साइकिल उसका जुनून थी, उसी की सवारी करते मौत ने दबोच लिया

राष्ट्रीय राजमार्ग 27 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से साइक्लिस्ट की मौत
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

बारां

•

image

Ghanshyam Dadhich

•

Updated: 12 Jun 2022, 7:52 PM IST

जो साइकिल उसका जुनून थी, उसी की सवारी करते मौत ने दबोच लिया

जो साइकिल उसका जुनून थी, उसी की सवारी करते मौत ने दबोच लिया

बारां. शहर की सीमा से होकर निकल रहे राष्ट्रीय राजमार्ग 27 पर रविवार सुबह एक साइक्लिस्ट को अज्ञात वाहन ने चपेट में ले लिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थ कि मृतक साइक्लिस्ट को अज्ञात वाहन के साथ सौ मीटर से भी अधिक दूरी तक घसीटते चला गया। जबकि उसकी साइकिल वहीं छूट गई थी, जहां उन्हें बड़े लोडिंग वाहन में अपनी चपेट में लिया था।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि सुबह करीब साढ़े चार बजे मनोज नागर (42) नियमित रूटीन के तहत साइकिल लेकर घर से निकला था। वह कोटा रोड से पुलिस लाइन रोड पहुंच राष्ट्रीय राजमार्ग पर चढ़ा था। हाई-वे पर मूंडली के बालाजी के निकट अज्ञात वाहन ने मनोज को टक्कर मार दी। इससे उसकी साइकिल वहीं छूट गई तथा वह अज्ञात वाहन के पहिए की चपेट में आकर लगभग सौ मीटर की दूरी तक घसीटता हुआ चला गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चालक दुघर्टना के बाद वाहन भगा ले गया। दुघर्टना के समय यह पूरा इलाका सुनसान था। जिससे शाम तक पुलिस को वाहन के बारे में कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिल सकी। मृतक मूल रूप से कोटा जिले के बपावर थाना क्षेत्र के चरेल गांव का निवासी था। जो कई बरसों से यहां जैन कॉलोनी में रह रहा था। वह यहां खजूरपुरा तिराहा पर वाहन डेकोर का कार्य करता था। पुलिस ने जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक का अन्तिम संस्कार उसके पैतृक गांव में किया गया।
इंतजार के बाद तलाश में निकले थे साइक्लिस्ट
मृतक नागर के साथ डॉ. मुरलीधर मालव भी नियमित रूप से साइकिल चलाने जाते थे, जो झालावाड़ रोड पर उसका इंतजार कर रहे थे। लेकिन काफी देर बाद तक मनोज के नहीं पहुंचने पर वे उल्टी दिशा से साइकिल चलाकर उसे ढूढऩे निकले थे। थोड़ी ही दूरी पर उन्हें राष्ट्रीय राजमार्ग पर मनोज का शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। बाद में उन्होंने इस हादसे की जानकारी बारां रनर्स क्लब व इलायट क्लब के सदस्यों को दी। इसके बाद कई लोग मौके पर पहुंच गए तथा पुुलिस एम्बुलेंस की मदद से शव जिला अस्पताल ले आई।
400 किमी साइकिल चलाने का रिकॉर्ड, 72 किमी दौड़ भी
बारां रनर्स क्लब के अध्यक्ष अंकित खंडेलवाल ने बताया कि मनोज ने लगभग दो माह पूर्व बारां से जयपुर मार्ग की परिधि में 400 किमी साइकिल चला रिकॉर्ड बनाया था। मूलरूप से एथलीट मनोज ने 26 जनवरी 2021 को 72 किमी पैदल फ्लैग मार्च भी किया था। उनके निधन पर कई खेल संगठनों ने गहरा दुख जताया है।