
जन्म देने वाली मां की हत्या से पहले एक बार भी नहीं सोचा
शाहाबाद थाना क्षेत्र के खाण्डासहरोल में 27 अक्टूबर को वृद्ध महिला भभूतीबाई (68) की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया। वृद्ध मां की हत्या उसी के बेटे हीरालाल (44) जाटव ने की थी। बेटे पर कर्ज होने से वह मकान और खेत बेचना चाहता था। मां ने मना किया तो आरोपी कलयुगी बेटे ने आवेश में आकर मानवता को शर्मसार करने वाली वारदात करने की ठानी ओर कुल्हाड़ी से वारकर निर्दयता पूर्वक हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार रात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया तथा गुरुवार को न्यायालय के आदेश पर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। अब आरोपी को 4 नवंबर को न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने वारदात का खुलासा करने वाली टीम को इनाम व प्रशंसा-पत्र देने की घोषणा की है।
मजदूरी को गया तो करती थी रखवाली
उपाधीक्षक हेमन्त गौतम ने बताया कि मृतका के दो बेटे केशरीलाल व हीरालाल हैं। दोनों गांव में ही अलग-अलग स्वयं के मकान में रहते हैं। मृतका भभूतीबाई (68) बड़े बेटे केशरीलाल के साथ ही रहती थी। आरोपी हीरालाल पर कुछ लोगों का कर्ज था। कर्जदारों का दबाव होने से वह स्वयं का मकान व खेत आदि बेचना चाहता था, लेकिन मां का कहना था मेहनत मजदूरी कर कर्ज चुकता कर। इससे कुछ दिनों पहले हीरालाल मजदूरी करने के लिए परिवार समेत कोटा चला गया। इससे मां भभूतीबाई बड़े बेटे केशरीलाल के घर खाना खाती तथा रात सोने के लिए हीरालाल के मकान पर रखवाली के तौर पर आ जाती थी। घटना की रात भी मां खाना खाकर उसके मकान पर आई थी।
वारदात के बाद गांव में छिपा रहा
आरोपी वारदात से तीन दिन पहले परिवार के साथ कोटा से मजदूरी के लिए ढिकवानी गांव आ गया ओर घटना की शाम परिवार के साथ पैदल मामोनी गांव तक आ गया ओर वहां बड़े भाई को बुलाया तो वह हीरालाल को बाइक से लाकर खाण्डा सहरोल में छोड़ कर खुद के घर चला गया। रास्ते में उसने शराब पी ओर नशे में धुत होकर घर चला गया। वहां मां से कर्ज चुकाने के लिए जमीन ओर खेत बेचने की बात को लेकर कहासुनी करने लगा। इसी दौरान आवेश में आकर उसने कुल्हाड़ी से वारकर मां की निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद वापस गांव में जाकर छिप गया। बाद में केशरीलाल घर पहुंचा तो उसे मां का शव नजर आया। कुछ देर में ही घटना की सूचना गांव में आग की तरह फैल गई तो आरोपी भी वहां पहुंच गया और उसके बाद से अंतिम कार्यक्रम में साथ रहा।
यह था मामला
पुलिस अधीक्षक राजकुमार चौधरी ने बताया कि 27 अक्टूबर को खाण्डा सहरोल में एक वृद्धा की लाश उसके घर पर पड़ी मिली थी। इस पर मृतका के बड़े पुत्र केशरीलाल जाटव ने मुकदमा दर्ज कराया था। इस पर एएसपी घनश्याम शर्मा के नेतृत्व में शाहाबाद उपाधीक्षक हेमन्त गौतम के सुपरविजन में थाना प्रभारी किरदार अहमद व साइबर एक्सपर्ट को शामिल करते हुए टीम का गठन किया गया। टीम ने मुखबिरों की सूचना एवं साइबर विश्लेषण के आधार पर आरोपी हीरालाल जाटव (44) को डिटेन कर पूछताछ की तो वह टूट गया।
Updated on:
03 Nov 2023 04:19 pm
Published on:
03 Nov 2023 04:19 pm
