
जिले में अब कोरोना रोगियों को मिलेगा संबल
बारां. देश व प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढऩे के साथ ही जिले में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने उपचार व्यवस्था को सुदृढ़ करना शुरू कर दिया है। जिले में अब प्रतिदिन 1050 सिलेंडर प्रतिदिन ऑक्सीजन की उपलब्धता हो गई है। वहीं, अब जिले के सात सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर गंभीर रोगियों के उपचार के लिए 6-6 आईसीयू बेड की उपलब्धता को अन्तिम रूप दिया जा रहा है। जबकि बारां जिला चिकित्सालय में 26 आईसीयू बेड की उपलब्धता है।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों ने बताया कि जिले में पूर्व में ही कोरोना संभावित लहर के दृष्टिगत उपचार के माकूल प्रबंध करने का कार्य शुरू कर दिया गया था। संक्रमण की दूसरी लहर में ऑक्सीजन की खासी कमी से सबक लेते हुए जिले में आक्सीजन उत्पादन की क्षमता बढ़ाने के विशेष प्रयास किए गए। जिसके फलस्वरूप जिले में वर्तमान में 1050 ऑक्सीन सिलेंडर का उत्पादन संभव हो गया है। अभी कुछ ओर प्लांट शुरू होने की प्रक्रिया में हैं। जिला चिकित्सालय में सेन्ट्रलाइज्ड ऑक्सीजन पाइप लाइन होने से आवश्यता होने पर सभी 300 बेड पर कोरोना रोगियों का उपचार किया जा सकता है।
सभी सीएचसी पर होंगे आईसीयू
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के अनुसार जिले के सात सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर अब 6-6 आईसीयू बेड शुरू करने के प्रयास अन्तिम दौर में चल रहे हैं। ऐसे में क्षेत्र के लोगों को घर के नजदीक उपचार मुहैया हो सकेगा। वहीं, जिला चिकित्सालय पर उपचार का भार भी कम होगा तथा गंभीर रोगियों को कोटा व झालावाड़ रैफर नहीं करना पड़ेगा।
खोले आधा दर्जन कोविड केयर सेंटर
विभागीय सूत्रों ने बताया कि कोरोना की संभावित तीसरी लहर के दौरान उपचार व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पिरामल फाउंडेशन की ओर से केलवाड़ा में कोविड केयर सेंटर शुरू कर दिया गया है। जबकि विश फाउंडेशन की ओर से नाहरगढ़, किशनगंज, मिर्जापुर व शाहाबाद में केयर खोले गए हैं।
-जिले में दूसरी लहर के बाद अब एक भी कोरोना पॉजिटिव नहीं मिला है, लेकिन इस लहर के बाद जिले की उपचार व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है। जिले के सात सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर छह-छह बेड के आईसीयू वार्ड शुरू करने के प्रयास अन्तिम दौर में हैं। नवम्बर माह के दूसरे पखवाड़े में यह सभी आईसीयू वार्ड शुरू हो जाएंगे। इनके लिए जयपुर से आवश्यक उपकरण मंगवाए गए हैं।
डॉ. सम्पतराज नागर, सीएमएचओ, बारां
Published on:
29 Oct 2021 09:17 pm
बड़ी खबरें
View Allबारां
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
