बारां. कोतवाली पुलिस ने बारां नगरपरिषद के पूर्व सभापति कमल राठौर के खिलाफ बुधवार को एक और मुकदमा दर्ज किया है। धोखाधड़ी के एक अन्य मामले में राठौर पहले से ही जेल में है। कोतवाली प्रभारी मांगेलाल यादव ने बताया कि परिवादी शहर के शाहाबाद दरवाजा लक्ष्मी विहार निवासी प्रोपर्टी डीलर सतीश अजमेरा की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा गया कि उसने शहर की विभिन्न आवासीय योजनाओं की भूमि कन्वर्जन के लिए नगर परिषद के तत्कालीन सभापति कमल राठौर को करीब 14 लाख रुपए कन्वर्जन शुल्क के रूप में अदा की थी, लेकिन इसकी रसीद नहीं दी गई। अंदेशा है कि कमल ने इस राशि का निजी हित में उपयोग कर लिया है।
प्रोपर्टी डीलर ने राठौर पर अम्बेडकर सर्किल के समीप ट्रक यूनियन की जमीन की रजिस्ट्री कराने, समान लोकेशन पर हाडौती परिवहन सहकारी समिति लिमिटेड जर्ये अध्यक्ष अरूण गुप्ता के पक्ष में रजिस्ट्री कराने तथा रसीद बुक में कूटरचना कर एक ही रसीद दो व्यक्तियों के नाम दर्शाने समेत अन्य तर्क दिए गए हैं। अरूण गुप्ता के पक्ष में नगरपरिषद की ओर से कराई गई रजिस्ट्री में तेजस सुमन व जितेश चंदेल गवाह है। वहीं, बिना राशि लिए अरूण गुप्ता के पक्ष में रजिस्ट्री कराने का आरोप लगाया गया है। इस तरह सरकारी सम्पत्ती को बिना राशि लिए बेचान कर सरकार को राजस्व का आर्थिक नुकसान पहुंचाने के आरोप में तत्कालीन सभापति राठौर, तेजस सुमन, जितेन्द्र चंदेल व अरूण गुप्ता चारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।