बारां/भवनेश गुप्ता। Rajasthan Assembly Election 2023: बारां-अटरू से छबड़ा विधानसभा क्षेत्र की यात्रा लंबे समय तक याद रहेगी। गर्मी में तपिश के बीच बारां रेलवे स्टेशन से अटरू होते हुए छबड़ा तक सड़क मार्ग से 70 किलोमीटर का सफर ऐसा था कि शायद ही लोग इस रूट पर दोबारा आना चाहें। इस रूट में 30 किलोमीटर तक तो सड़क का नामोनिशां ही नहीं मिला। यमदूत की तरह आगे चलते ट्रकों के पहियों से उड़ती धूल के आगे कुछ नजर नही आया। गुस्साए बारां के महावीर कंडारा, अटरू के वयोवृद्ध नटवरलाल हो या छबड़ा में ढाबा चलाने वाले त्रिलोक रावल, सबने अपने-अपने अंदाज में कहा- ऐसे हालात के लिए सरकार को पूरे स्थानीय प्रशासन को 'सस्पेंड' कर देना चाहिए। खैर, जैसे-तैसे अटरू, कवई होते हुए छबड़ा पहुंचा तो जान में जान आई। वापस आने के लिए मजबूरी में दूसरा लंबा रास्ता पकडऩा पड़ा। बस, अच्छा यह रहा कि इस मंजर से स्थानीय लोगों की पीड़ा को आसानी से महसूस कर पाया।
'कैप्सूल' बने यमदूत
कवई और छबड़ा में थर्मल पावर प्लांट हैं। यहां से राख लेने के लिए इस रूट पर सीमेंट कंपनियों के भारी वाहन लगातार दौड़ते रहते हैं। लोग इन वाहनों को 'कैप्सूलÓ कहते हैं और यही लोगों का मर्ज बढ़ा रहे हैं। अटरू में हाट चौक में चाय की थड़ी पर पहुंचा और बातचीत शुरू की। स्थानीय ज्वैलर गिर्राज सोनी, इसराज मोहम्मद का दर्द छलक पड़ा, बोले, ये कैप्सूल यमदूत हैं और कभी हमारा नंबर भी आ सकता है...इनसे बचाओ। इनसे सड़क छलनी हो गई और कई लोगों की जान जा चुकी है। लोगों में गुस्सा इस कदर था कि उन्होंने स्थानीय नेताओं को देख लेने की बात तक कह डाली। यही दोहराते रहे कि कैप्सूल को यहां से बाइपास करो।
यह भी पढ़ें : कद-काठी रौबीली, देशभक्ति का पारा 100 डिग्री... नशा बिगाड़ रहा नस्लें