बारां जिले के शाहाबाद उपखंड क्षेत्र के होड़ापुरा गांव में मूलभूत सुविधाओं से बंचित लोगों ने गुरुवार को नदी पर एकत्र होकर अपनी समस्याओं को पत्रिका के सामने रखा। यहां करीब 500 से अधिक मतदाता हैं। गुरुवार को यहां सैकड़ो ग्रामीणों ने पुल नहीं तो वोट नहीं के नारे लगाकर आधे घंटे तक मुख्य रास्ते को जाम रखा। यह रास्ता नदी से होकर मध्यप्रदेश जाता है। इस पर भी पक्की सड़क नहीं है। लोगों ने अपनी समस्याओं के चलते अपनी आवाज को पत्रिका के माध्यम से उठाया है। ग्रामीणों ने गांव की तीन सूत्रीय मांगों को रखकर मतदान का पूर्णतया बहिष्कार करने की बात कही। उन्होंने सबसे पहले गांव की नदी पर बड़ा पुल बने, इसी नदी पर एनीकट बनाने सहित गांव से मध्यप्रदेश सीमा तक पक्की सड़क का निर्माण किया जाए। इसी को लेकर उन्होंने प्रदर्शन किया।