
सहकारी समिति का सचिव घूस लेते गिरफ्तार, फसली ऋण स्वीकृत करने के लिए लिए तीन हजार रुपए
बारां/अटरू. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने बुधवार दोपहर अटरू तहसील के पीपलोद गांव की ग्राम सेवा सहकारी समिति के सचिव राहुल सुमन को घूस लेते गिरफ्तार किया है। सुमन ने फसली ऋण स्वीकृत करने के लिए तीन हजार रुपए की रिश्वत ली थी।
एसीबी बारां चौकी सीआई ज्ञानचन्द मीणा ने बताया कि परिवादी ओम प्रकाश मेहर निवासी पीपलोद के पिता रामस्वरूप मेहर ने गत 7 सितम्बर 2019 को ग्राम सेवा सहकारी समिति से फसली ऋण लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। सचिव ने ऋण स्वीकृत करने के लिए तीन हजार रुपए की रिश्वत मांगी।
ऐसे पकड़ा गया
परिवादी ओमप्रकाश मेहर ने 18 मई को एसीबी चौकी बारां पर इसकी लिखित शिकायत दी थी। शिकायत के सत्यापन के बाद बुधवार को ट्रेप बिछाया गया। आरोपी ने परिवादी को रिश्वत राशि लेकर अटरू स्थित केन्द्रीय सहकारी बैंक में बुलाया था, लेकिन रिश्वत राशि लेने के लिए वह बैंक से बाहर आ गया तथा बैंक के गेट पर ही राशि जेब में रख ली। इसी दौरान परिवादी का इशारा मिलते ही एसीबी टीम ने उसे धर दबोचा।
कैमरों में कैद हुई कार्रवाई
एसीबी टीम ने रंगे हाथों धर दबोचने के बाद आरोपी की पेन्ट की जेब से रिश्वत की राशि बरामद की। रिश्वत लेने व एसीबी की कार्रवाई बैंक में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई।
Published on:
27 May 2020, 8:18 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.