28 अक्टूबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

सुगम सफर के लिए करना पड़ेगा इन्तजार

अब कोटा से भंवरा व छबड़ा से मोतीपुरा रेलवे स्टेशन के बीच दोहरीकरण कार्य को पूर्ण करने की प्राथमिकता है। रेल विकास निगम लिमिटेड की ओर से कोटा से बीना तक की दोहरीकरण परियोजना के तहत करीब 282 किलोमीटर लाइन का दोहरीकरण किया जा रहा है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

बारां

•

image

Ghanshyam Dadhich

•

Updated: 21 Dec 2018, 8:21 PM IST

baran

ralway ka dohrikarn

कोटा-बीना रेलवे लाइन का दोहरीकरण
अब कोटा से भौंरा तक कार्य को करेंगे पूरा
बारां. कोटा-बीना दोहरीकरण परियोजना के तहत बारां-सालपुरा के दोहरीकरण कार्य को हरी झंडी मिलने के बाद अब कोटा से भंवरा व छबड़ा से मोतीपुरा रेलवे स्टेशन के बीच दोहरीकरण कार्य को पूर्ण करने की प्राथमिकता है। रेल विकास निगम लिमिटेड की ओर से कोटा से बीना तक की दोहरीकरण परियोजना के तहत करीब 282 किलोमीटर लाइन का दोहरीकरण किया जा रहा है। इसमें से अब तक बारां से सालपुरा रेलवे स्टेशन तक के करीब 43 किलोमीटर को 19 दिसम्बर से चालू किया गया है। अब कोटा से भौंरा तक का करीब 29 किलोमीटर लाइन का दोहरीकरण कार्य पूर्ण किया जाएगा। निविदा शर्तों के अनुसार कार्यादेश में इस परियोजना का कार्य मार्च २०१९ में पूरा किया जाना था, लेकिन बीच में कई व्यवधान आने से कार्य पूर्ण होने की अवधि आगे बढ़ती रही। रेल विकास निगम के अधिकारी अब कार्य पूर्ण होने की तिथि को लेकर कुछ भी कहने से बच रहे हैं।
पिलर टेड़े होने से आई दिक्कत
रेलवे सूत्रों का कहना है कि कोटा से भंवरा के बीच कालीसिंध नदी पर बड़ी पुलिया का नया निर्माण किया जा रहा है। इस पूरी परियोजना में दो सबसे बड़ी पुलियाओं में एक पुलिया कालीसिंध नदी की है। इस पुलिया का निर्माण कार्य यूं तो परियोजना कार्य स्वीकृत होने के कुछ समय बाद ही शुरू कर दिया गया था, लेकिन बीच में दो-तीन पिलर टेढ़े हो जाने से उन्हें तोडक़र दुबारा निर्माण कराना पड़ा।
इससे इस पुलिया के निर्माण में अधिक समय लग गया। हालांकि अब काफी काम हो गया है। इससे कोटा से भंवरा रेलवे स्टेशन तक की लाइन का दोहरीकरण कार्य पूर्ण कर उसे चालू करने का प्रयास किया जा रहा है।
स्टेशनों को मिलेगा राजस्थानी लुक
परियोजना के तहत कोटा-बीना तक के 282 किलोमीटर लाइन में करीब 33 रेलवे स्टेशनों पर यार्ड बनाए जाएंगे। छबड़ा समेत कुछ स्टेशनों पर फुट ब्रिज, कुछ जगह विभिन्न नवनिर्माण कार्य तो कई जगह जीर्णोद्धार कार्य कराए जा रहे हैं। इसके तहत बारां व छबड़ा स्टेशन पर भी निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्य कराए जा रहे हैं। बारां रेलवे स्टेशन पर तीनों प्लेटफार्म पर नया कवर्डशेड लगाया गया है। यात्री प्रतीक्षालय में नया फर्श व टाइल्स आदि का कार्य किया गया। इसके अलावा स्टेशन को राजस्थानी लुक देने के लिए चित्रकारी भी कराई जा रही है।
उधर भी चल रहा कार्य
सूत्रों का कहना है कि कोटा-बीना लाइन पर कोटा-भंवरा व बारां से छबड़ा के अलावा गुना से बीना तक के करीब 117 किलोमीटर में भी रफ्तार से काम चल रहा है। मध्यप्रदेश के इस क्षेत्र में भी दर्जनों छोटी-बड़ी पुलिया का निर्माण किया जा रहा है। इनमें से कुछ पुलियाओं का निर्माण तो पूरा भी हो गया है। पूरे परियोजना क्षेत्र में करीब 201 छोटी पुलियाओं का निर्माण कराया जाना है। रेलवे के अधिकृत सूत्रों का कहना है कि बारां-सालपुरा के बाद अब कोटा-भौंरा व छबड़ा-मोतीपुरा का कार्य पूर्ण करना प्राथमिकता में है। दोनों जगह कई महत्वपूर्ण कार्य पूर्ण होने को हैं।
रिपोर्ट - हंसराज शर्मा द्वारा
---------------------