बरेली। फेसबुक पर दोस्ती, प्यार और धोखे का एक और मामला सामने आया है। बदायूं के रहने वाले एक शख्स ने अपना नाम बदलकर पहले तो गोवा की युवती से फेसबुक पर दोस्ती की। उसके बाद प्यार का नाटक कर उसे मिलने के लिए आगरा बुलाया। जब युवती उससे मिलने आई तो युवती को सम्भल स्थित अपनी बहन के घर ले गया और उसके साथ शारीरिक संबन्ध बनाए। उसके बाद उसे वापस गोवा भेज दिया। बाद में जब युवती उसे ढूंढते हुए बदायूं पहुंची तो पता चला कि उस शख्स का असली नाम कुछ और है। ये सुनकर युवती के पैरों तले जमीन खिसक गई। इसके बाद युवती ने गोवा के महिला थाने में मुकदमा दर्ज कराया है और बरेली रेंज के आईजी से उस शख्स की गिरफ्तारी की मांग की है। आईजी ने गोवा में दर्ज मुकदमे की डिटेल मंगवाई है और बदायूं की इस्लामनगर पुलिस को कार्रवाई के लिए कहा है।