
बरेली। रंगदारी न देने पर एक व्यक्ति ने बुजुर्ग पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। यह घटना बुधवार रात को सीबीगंज क्षेत्र के भोगपुर गांव में हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
दबंग मांग रहे थे रंगदारी, न देने पर किया हमला
सीबीगंज थाना क्षेत्र के हमीरपुर गांव के निवासी अजय ने बताया कि उनके 65 वर्षीय दादा बुद्धसेन से गांव के ही निवासी भोगराज ने रंगदारी के लिए पैसे मांगे। जब बुद्धसेन ने पैसे देने से इनकार किया, तो भोगराज ने उन्हें जातिसूचक गालियां दीं। इसके बाद बुधवार रात करीब 12 बजे, जब बुद्धसेन सो रहे थे, भोगराज ने फरसा लेकर उनकी गर्दन पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
सीबीगंज पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। अजय ने गुरुवार को सीबीगंज थाने में इस मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। सीबीगंज थाने के इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
Updated on:
27 Sept 2024 08:19 pm
Published on:
27 Sept 2024 08:19 pm
