
बरेली। इज्जतनगर में बड़ा बाईपास पर शुक्रवार रात पांच-छह बाइक सवार बदमाशों ने कलियर शरीफ जा रहे छोटा हाथी चालक से मारपीट कर 52 हजार रुपये लूट लिए और पीटकर उसे घायल कर दिया। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुड़िया अहमदनगर के पास हुई वारदात
पीरबहोड़ा निवासी साबिर ने बताया कि वह आरिफ के साथ लंगर का सामान लेकर रुड़की में कलियर जा रहे थे। रात करीब पौने दस बजे मुड़िया अहमदनगर से थोड़ा आगे पांच-छह अज्ञात बाइक सवार उनका पीछा करने लगे। डरकर विलयधाम के पास एक होटल के पास उन्होंने गाड़ी रोक ली। इस पर बदमाशों ने उन लोगों पर तमंचा तान दिया और मारपीट कर 52 हजार रुपये लूट लिए। होटल वाले ने विरोध किया तो उसके होटल और उनके वाहन में तोड़फोड़ कर बदमाश फरार हो गए।
112 पर सूचना के बाद घटनास्थल पर पहुंची थी पुलिस
इसके बाद उन्होंने यूपी 112 पर सूचना दी तो इज्जतनगर पुलिस मौके पर पहुंची और उनका मेडिकल कराया। इंस्पेक्टर इज्जतनगर धनंजय पांडेय ने बताया कि शुक्रवार रात मारपीट की बात सामने आई थी। शनिवार को लूट की बात सामने आने पर मौके पर जाकर जांच की तो मारपीट और विवाद होने की बात सामने आई। इसके चलते ही ईंट मारकर वाहन में तोड़फोड़ भी की गई। फिलहाल पीड़ित की तहरीर के आधार पर डकैती की धारा में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। मामले की जांच की जा रही है, जो तथ्य सामने आएंगे, उनके मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
14 Sep 2024, 10:34 PM IST
Published on:
14 Sep 2024, 10:34 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.