
बरेली। शहर में सट्टेबाजी और जुए का नेटवर्क इतना व्यापक हो चुका है कि सट्टेबाज अब 5-5 लाख रुपये में डिस्ट्रीब्यूटरशिप बेच रहे हैं। इसके बावजूद बारादरी पुलिस की फाइलों में सब कुछ साफ है। सूत्रों का दावा है कि यह कारनामा बारादरी पुलिस की मिलीभगत से फल-फूल रहा है।
संजयनगर और बड़ी विहार में सट्टेबाजी से संबंधित एक बातचीत का ऑडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ है। इस 3:10 मिनट के ऑडियो में दो लोगों को सट्टे का काम देने और 5-5 लाख रुपये की बात करते हुए सुना जा सकता है। बातचीत के दौरान एक व्यक्ति दूसरे युवक के लिए काम की सिफारिश कर रहा है।
फोन करने वाला व्यक्ति रिजवान पूछता है, "सब खैरियत है भाईजान?" दूसरा व्यक्ति जाहिद जवाब देता है, "सब खैरियत है।" इसके बाद रिजवान कहता है, "संजयनगर और बड़ी विहार का सट्टे का काम तन्नु को दे दो।" जाहिद सवाल करता है, "दूसरे युवक कुप्पी को क्यों नहीं?" रिजवान जवाब में तन्नु और कुप्पी दोनों युवकों की तारीफ करता है और कहता है कि दोनों काम के लिए 5-5 लाख रुपये देने को तैयार हैं।
ऑडियो वायरल होने के बाद सट्टेबाजी से जुड़े लोगों में खलबली मच गई है। पुलिस भी हरकत में आई है और ऑडियो की जांच कर रही है। एसपी सिटी मानुष पारीक ने कहा कि "ऑडियो की जांच कराई जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।"
सूत्रों के अनुसार, बारादरी थाना क्षेत्र में सट्टेबाजी और जुए का कारोबार पुलिस की मिलीभगत से चल रहा है। हालांकि, बारादरी इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने इन आरोपों से इंकार किया है।
Updated on:
21 Dec 2024 11:50 am
Published on:
21 Dec 2024 11:50 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
