
तलाक रोकने के लिए ऑल इंडिया मुस्लिम कौंसिल ने उठाया कदम, हर रविवार इस मस्जिद में लगेगी पंचायत
बरेली। तलाक को लेकर केंद्र सरकार के अध्यादेश लाने के बाद कानून बन गया है बावजूद इसके अभी भी तलाक के मामले सामने आ रहें हैं। तलाक के मामलों में कमी लाने के लिए ऑल इंडिया मुस्लिम कौंसिल ने नई पहल शुरू की है। संस्था के राष्ट्रीय महासचिव/प्रवक्ता रिज़वान बरकाती ने कहा कि शरीयत की हिफाज़त के लिये और रिश्तों में सुलह के लिए एक समझौता पंचायत का गठन किया जा रहा है। जिसमें मियां बीवी के आपसी झगड़े-फ़साद को काउंसलिंग के जरिए हल किया जाएगा जिससे कि तलाक की नौबत न आए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि शरीयत का गलत प्रयोग करने वालों का संस्था सामाजिक बहिष्कार करेगी।
नौमहला मस्जिद में लगेगी पंचायत
संस्था के महासचिव रिज़वान बरकाती ने बताया कि समझौता पंचायत प्रत्येक रविवार को दरगाह हज़रत नासिर मियां साहब स्थित नौमहला मस्जिद सिविल लाइंस बरेली में सुबह 11:00बजे से दोपहर 03:00 बजे तक होगी। पंचायत में मियां-बीवी के आपसी मनमुटाव को दूर कराया जाएगा साथ ही ऐसे रिश्तों को बचाने की कोशिश की जाएगी जो टूटने की कगार पर पहुंच चुके है। 'समझौता पंचायत' के पैनल में बुद्धिजीवी वर्ग के लोग शामिल होंगे जो दोनों पक्षों की काउंसलिंग करेंगे और मामलों का निस्तारण करेंगे।
ये लोग होंगे पैनल में शामिल
समझौता पंचायत के पैनल में शरई, क़ानूनी व सामाजिक मामलों को हल करने के लिए मौलाना इन्तिज़ार क़ादरी, अधिवक्ता अयाज़ बाबा,पम्मी खान वारसी, इमालदा परवीन और डॉ एम वासिफ अंसारी रहेंगे।साथ ही 'समझौता पंचायत' की वार्ड स्तर पर भी कमेटियां गठित की जाएंगी जो ऐसे मसलों को हल करने के लिए मददगार साबित होंगी। संस्था ने पीड़ित परिवारों के लिये एक हेल्प लाइन नंबर 8057660648 जारी किया है।इस नंबर पर प्रातः 11:00बजे से दोपहर 3:00बजे तक संपर्क किया जा सकेगा।
Published on:
14 Oct 2018 05:38 pm

बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
