क्योलड़िया थाना क्षेत्र के करूआ साहबगंज के रहने वाले कुतुबुद्दीन की बेटी नरगिस ने बीते वर्ष अप्रैल माह में गांव के ही रहने वाले दूसरे समुदाय के राम किशोर पुत्र जानकी प्रसाद से प्रेम विवाह कर लिया था। जिसके बाद से ही दोनों रुद्रपुर में रहकर मेहनत मजदूरी से गुर बसर कर रहे थे। बीते दिनों ही दंपत्ति अपने गांव में वापस लौट कर आए थे जिसके बाद से ही नरगिस के घर वाले दोनों को मारने की फिराक में लगे हुए थे। गुरूवार सुबह दंपति अपनी बेटी ज्योति को दवाई दिलाने बरखान गांव ले जा रहे थे इसी बीच नरगिस के मायके पक्ष ने अपने घर के पास दंपत्ति को घेर लिया। आरोपी भाई और अन्य लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर बांके से हमला कर दिया जिसमें नरगिस की कनपटी पर गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका पति बांके से हमले और गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे नवाबगंज के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत बेहद नाजुक बताई है। घटना के बाद से ही आरोपी पक्ष गांव से फरार हो गया जिसकी तलाश में पुलिस ताबड़तोड़ दबिश दे रही है। घटना की जानकारी पर मौके पर एसएसपी मुनिराज और एसपी देहात संसार सिंह समेत अन्य अधिकारी पहुंच गए।