
बरेली। समाजवादी पार्टी (सपा) के बरेली संगठन में इन दिनों महिलाओं के सम्मान को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। सपा की महिला सभा की राष्ट्रीय सचिव शांति सिंह ने जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप पर महिलाओं का अपमान करने का आरोप लगाया और मंच पर महिलाओं को स्थान न देने का मुद्दा उठाया। इस विरोध के बाद शनिवार को महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह ने शांति सिंह को राष्ट्रीय सचिव के पद से हटा दिया।
कुछ समय पहले तक शांति सिंह महिला सभा की जिलाध्यक्ष थीं। एक पार्टी मीटिंग के दौरान मंच पर उन्हें स्थान नहीं मिला, जिस पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की थी। मामला बढ़ा तो शांति को जिलाध्यक्ष पद से हटाकर महिला सभा की राष्ट्रीय सचिव बनाया गया। हाल ही में शांति ने एक प्रेस कांफ्रेंस कर शिवचरन कश्यप पर गंभीर आरोप लगा। इसके बाद मामला राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह तक पहुंचा, जिन्होंने शांति सिंह को राष्ट्रीय सचिव के पद से हटाने की संस्तुति की और पत्र प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल को भेज दिया।
महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह ने कहा, "शांति सिंह की बयानबाजी पार्टी के नियमों के खिलाफ है। इसलिए, मैंने उन्हें पद से हटाने की संस्तुति कर दी है और इसका पत्र प्रदेश अध्यक्ष को भेज दिया है।" प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने इस पर टिप्पणी करते हुए कहा, "जूही सिंह ने मुझे शांति सिंह को पद से हटाने का पत्र भेजा है और मैंने इसकी जानकारी प्राप्त कर ली है।"
शनिवार को सपा की महिला सभा की जिलाध्यक्ष स्मिता यादव ने प्रेस वार्ता कर जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप पर लगे आरोपों को खारिज किया। स्मिता यादव ने कहा, "समाजवादी पार्टी हमेशा महिलाओं का सम्मान करती है। लोकसभा चुनाव में पार्टी ने 37 सीटें जीतीं, जिनमें से पांच पर महिलाएं थीं। आने वाले विधानसभा उपचुनाव में नौ सीटों पर चार महिला प्रत्याशी भी हैं।" महानगर अध्यक्ष सरताज गजल अंसारी, स्वाति शर्मा, मैना बी, मीना शाक्य, सीमा श्रीवास्तव, गुड़िया, शबाना खान आदि उपस्थित रहीं।
Updated on:
29 Oct 2024 03:53 pm
Published on:
27 Oct 2024 10:15 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
