बरेली। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्य्क्ष शिवपाल यादव की करीबी नेताओं में से एक नवाबगंज नगर पालिका की अध्यक्ष शहला ताहिर ने अखबारों में छपवाए विज्ञापन में केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार को ईद की मुबारकवाद दी है। शहला ताहिर के भगवा रंग के विज्ञापन से जिले के नेता हैरान है। दरअसल में शहला ताहिर ने ईद के मौके पर केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार को बधाई देने का सन्देश अखबारों में छपवाया है। भगवा रंग के छपे इस विज्ञापन में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ ही नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना, केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार और नवाबगंज के विधायक केसर सिंह का फोटो छपा है इतना ही नहीं शहला ताहिर के इस विज्ञापन में भारतीय जनता पार्टी का चुनाव चिन्ह कमल का फूल भी छपा है। शहला ताहिर के इस विज्ञापन से राजनितिक दिग्गज भी चकित हैं। अभी हाल ही में सम्पन्न हुए लोकसभा चुनाव में शहला ताहिर की बेटी समन ताहिर ने प्रसपा से चुनाव भी लड़ा था।