
बरेली। मॉडिफाई साइलेंसर के जरिए शहर में पटाखा दागकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ एसपी सिटी मानुष पारीक ने कड़ा एक्शन लिया है। शहर की ऑटोमोबाइल दुकानों से पटाखे छोड़ने वाले 123 मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त किए हैं। इन साइलेंसरों की कुल कीमत लगभग 2.50 लाख रुपये है।
कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित इस्लामिया मार्केट, जीआईसी कॉलेज रोड स्थित ऑटोमोबाइल दुकानों पर पुलिस ने छापेमारी करते हुए यह कार्रवाई की। चेकिंग अभियान के दौरान आर.बी. बुलट एसेसरीज के स्वामी नईम कुरैशी, एम.एस. एसेसरीज के स्वामी जीशान, एम.एम. मोटर्स के संचालक शाहिल खान, एम-3 मोटर्स और मद्रास मोटर्स के मालिक राहिल खान की दुकानों से ये साइलेंसर बरामद किए गए।
एसपी सिटी ने बताया कि दुकानदार कंपनी द्वारा लगाए गए सामान्य साइलेंसरों को हटाकर पटाखे छोड़ने वाले व अन्य मॉडिफाइड साइलेंसर मोटरसाइकिलों में फिट कर रहे थे, जिससे ध्वनि प्रदूषण के साथ-साथ पर्यावरण को भी गंभीर नुकसान पहुंचाया जा रहा था। सभी साइलेंसर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 182A(3) के अंतर्गत अवैध माने गए हैं।
थाना कोतवाली पुलिस टीम ने सभी 123 साइलेंसरों को जब्त करते हुए संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध एम.वी. एक्ट की धारा 182A(3) के तहत वैधानिक कार्यवाही प्रारंभ कर दी है। पुलिस का कहना है कि इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर एसपी सिटी मानुष पारीक और सीओ प्रथम पंकज श्रीवास्तव, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अमित पांडेय की अगुवाई में थाना कोतवाली की पुलिस टीम द्वारा किया गया।
Updated on:
17 Apr 2025, 11:09 AM IST
Published on:
17 Apr 2025, 11:09 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.