
smriti iranai
बरेली। नगर निकाय चुनाव के लिए बरेली में अंतिम चरण में 29 नवंबर को मतदान होगा जिसके लिए सभी दलों ने इन दिनों पूरी ताकत झोंक रखी है। बीजेपी के पक्ष में महौल बनाने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 25 नवम्बर को रैली करेंगे। योगी आदित्यनाथ के पहले कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के स्टार प्रचारकों का बरेली दौरा होगा। भाजपा की तरफ से मथुरा की सांसद हेमा मालिनी , केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और अनुपम खेर को भी न्योता भेजा गया है।
कांग्रेस और सपा से ये करेंगे प्रचार
निकाय चुनाव में कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशियों के प्रचार के लिए प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर और पूर्व केंद्रीय मंत्री सचिन पायलट 23 नवम्बर को बरेली पहुचेंगे और अपने प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाएंगे। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम भी 23 नवम्बर को प्रचार के लिए बरेली आएंगे तो पूर्व मंत्री अहमद हसन भी 23 तारीख को बरेली में सभा करेंगे जबकि व्यापारी नेता बनवारीलाल कंछल 27 नवम्बर को बरेली में सभा करेंगे।
सबसे ज्यादा प्रचारक बीजेपी से
निकाय चुनाव में सबसे ज्यादा प्रचारक भाजपा की तरफ से चुनाव मैदान में उतारे जा रहे है। प्रदेश सरकार में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की सभा बरेली में हो चुकी है इसके साथ ही सुरेश खन्ना 19 नवम्बर को सभा करेंगे जबकि 25 नवंबर को मुख्यमंत्री की सभा होना निश्चित हुआ है। मुख्यमंत्री की सभा के लिए एमबी इंटर कॉलेज और मैथाडिस्ट स्कूल का मैदान चुना गया है।लखनऊ की टीम आकर रैली के लिए मैदान को फाइनल करेगी। इसके साथ ही सुनील बंसल भी प्रचार के लिए बरेली आएंगे लेकिन अभी तारीख तय नही हुई है। मथुरा की सांसद और फ़िल्म अभिनेत्री हेमा मालिनी, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और फ़िल्म अभिनेता अनुपम खेर को भी आमंत्रित किया गया है ।
तेज हो गया प्रचार
जैसे जैसे चुनाव की तारीख नजदीक आ रही है वैसे वैसे ही प्रत्याशियों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। सभी दलों के प्रत्याशी वार्ड वार्ड में घूम कर प्रचार अभियान में लगे हुए है इतना ही नही सोशल मीडिया पर भी प्रत्याशियों के समर्थकों ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है और सभी प्रत्याशी अपनी अपनी जीत के दावे कर रहे है।
Published on:
18 Nov 2017, 6:40 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.