बरेली। सावन में कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था में लगे पुलिस प्रशासन के अफसरों में उस समय हड़कंप मच गया जब बरेली जंक्शन को बम से उड़ाने की धमकी भरा terror threat पत्र स्टेशन अधीक्षक को मिला। आतंकी संगठन इंडियन मुजाहिद्दीन यानी आईएम की तरफ से साधारण डाक भेजे गए पत्र में कहा गया है कि अगर कांवड़ियों के जत्थे मुस्लिम बस्तियों से गुजरे तो रेलवे जंक्शन को बम से उड़ा दिया जाएगा। खुद को आईएम का एरिया कमांडर बताने वाले मुन्ने खां की तरफ से ये पत्र भेजा गया है। आतंकी धमकी भरा पत्र मिलने के बाद पुलिस, जीआरपी, आरपीएफ के साथ सभी खुफिया एजेंसियां अलर्ट हो गई और स्टेशन पर बम निरोधक दस्ते के साथ सघन तलाशी अभियान चलाया गया। तलाशी अभियान में कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली।