
बरेली। बहेड़ी थाना क्षेत्र के रतनगढ़ गांव में मिट्टी की ढाय गिरने से दो लड़कियों की दर्दनाक मौत हो गई। गांव में दो लड़कियों की मौत के बाद गांव में मातम पसर गया। हादसे की सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अफसर मौके पर पहुंचे और शवों को मिट्टी से निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मिट्टी खुदाई के दौरान हुआ हादसा
बहेड़ी थाना क्षेत्र के रतनगढ़ के रहने वाले लालमन मजदूरी करते हैं। मंगलवार को उनकी 21 साल की बेटी सीमा अपनी सहेली ज्योति कुमारी पुत्री रामलाल समेत अन्य गांव की महिलाओं के साथ रतनगढ़ में ही मिट्टी खोदने गई थी। जहां मिट्टी खोदते समय सीमा और ज्योति कुमारी पर अचानक मिट्टी की ढाय गिर गई। इससे दोनों उसके नीचे दब गईं। जब तक अन्य साथी महिलाओं ने दोनों को मिट्टी से बाहर निकाला ।लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।लालमन की बेटी सीमा बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। घटना के बाद से ही दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ।
नदी किनारे हुआ हादसा
वहीं हादसे की सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में ले लिया। एसपी ग्रामीण डॉक्टर सतीश कुमार ने बताया कि लड़कियां नदी किनारे मिट्टी खोदने गई थीं इसी दौरान मिट्टी की ढाय उनके ऊपर गिर गई और दोनों लड़कियों की मिट्टी में दबने से मौत हो गई पुलिस इस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।