अन्नपूर्णा दूध योजना के अटके पैसे पर जहां एक ओर जिले भर के प्राथमिक-उच्च प्राथमिक विद्यालयों के हजारों संस्था प्रधानों की मुसीबतें बढ़ गई है, वहीं दूसरी ओर देरी से भुगतान पर लाखों छात्रों को दूध से वंचित रहना पड़ सकता है। शिक्षा विभाग के योजना के एक माह के बकाया राशि का भुगतान नहीं करने से यह स्थिति पैदा हो गई है। प्रदेश सरकार की ओर से शिक्षा विभाग को बजट जारी किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी प्राथमिक का पद रिक्त होने से यह स्थिति पैदा हो गई है।
प्रदेश के बालक हष्ट-पुष्ट, स्वस्थ एवं कुपोषण से मुक्त रहें, इस उद्देश्य को लेकर प्रदेश सरकार ने राज्य में अन्नपूर्णा दूध योजना प्रारंभ की थी। करीब चार माह पूर्व प्रारंभ की इस योजना में राजकीय प्राथमिक- उच्च प्राथमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को शुरुआत में सप्ताह में तीन दिन दूध देने का प्रावधान था। इसमें कक्षा पहली से पांचवी तक के छात्रों को 150 एमएल व कक्षा छठीं से आठवीं तक के छात्रों को 200 मिली दूध देने के प्रावधान है। शुरुआत के महिनों में सरकार के आदेश पर सप्ताह में तीन दिन तक छात्रों को दूध दिया गया। इसके बाद सरकार ने स्कूल संचालन अवधि के समस्त छह दिनों तक छात्रों को दूध देने के आदेश दिए। इस पर छात्रों को प्रतिदिन दूध दिया जा रहा है।