10 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

कांग्रेस-भाजपा के लिए मूंछ का सवाल

वार्ड 16 में उपचुनाव आज : दोनों प्रमुख दलों में सीधी टक्कर
2 min read
Google source verification

image

bhawani singh

Nov 29, 2016

barmer

barmer

नगर परिषद के वार्ड 16 के उपचुनाव के लिए मंगलवार सुबह 8 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। कहने को तो महज एक वार्ड में उपचुनाव हो रहा है लेकिन इसमें भाजपा व कांग्रेस प्रत्याशी की सीधी टक्कर होने से दोनों दलों की प्रतिष्ठा दांव पर है। भाजपा की उर्मिला चौधरी का सीधा मुकाबला कांग्रेस की परमेश्वरी कंवर से हो रहा है। वार्ड में भाजपा केन्द्र व राज्य में सरकार की उपलब्धियां व प्रधानमंत्री के नोटबंदी को लेकर आमजन को रिझाने का प्रयास कर रही है। वहीं कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों ने सरकार की विफलता, गरीबों पर अत्याचार व नोटबंदी से आमजन को होने वाली परेशानियों को लेकर घेरा है।

घर-घर प्रचार किया

कांग्रेस प्रत्याशी का चयन व इसके प्रचार का जिम्मा विधायक मेवाराम जैन संभाले हुए है। जहां पर नगर परिषद चेयरमैन लूणकरण बोथरा, प्रधान पुष्पा चौधरी, तरूण सिन्धी, दमाराम, दीपक माली घर-घर जाकर प्रचार कर रहे हैं। वहीं यूआईटी अध्यक्ष डॉ. प्रियंका चौधरी ने भाजपा की कमान संभाल रखी है। भाजपा से शहर मंडल अध्यक्ष मोहनलाल कुर्डिया व सचिव रमेश सिंह इंदा सहित कार्यकर्ता प्रचार कर रहे हैं।

चुनाव कार्यालय में तैयारियां

सोमवार दोपहर बारह बजे भाजपा कार्यालय में मान मनुहार व मौहल्ले की मूलभूत समस्याओं को लेकर बुजुर्ग चर्चा कर रहे थे। एक तरफ युवाओं की टोली चुनाव रणनीति को लेकर व्यस्त नजर आई।

एक मतदान बूथ की सुविधा

वार्ड 16 के चुनाव सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र हनुमान मंदिर में होंगे। जहां पर एक बूथ पर मतदाता इलेक्ट्रॉनिक वोटिंंग मशीन से अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। यहां पर मतदाता नोटा का उपयोग भी कर सकेंगे। मतदान बूथ पर सोमवार शाम को ही मतदान दल पहुंच गया। दल में एक पीठासीन अधिकारी सहित तीन मतदान अधिकारी है।

चुनाव के प्रमुख मुद्दे

- वार्ड का प्रमुख मुद्दा सफाई व सीवरेज का है। नालियां पुरानी व जर्जर हालत में है।

- मौहल्ले की कई सड़कों का लम्बे समय से डामरीकरण नहीं हुआ है।

- गली नं. 2, 6 व 7 में पेयजल की समस्या है।

- क्षेत्र में बड़े नाले की समय पर सफाई नहीं होने से बारिश के दिनों में ओवलफ्लो होकर गंदा पानी घरों में घुस जाता है।

- कई मौहल्लों में झूलते विद्युत तार खतरा बने हुए हंै।

फोटोयुक्त पहचान पत्र होगा मान्य

लोकसभा व विधानसभा चुनाव की तरह उपचुनाव में भी अधिकृत 17 दस्तावेजों में से एक फोटो युक्त पहचान पत्र लाना अनिवार्य है।

वार्ड क्षेत्र में अवकाश

चुनाव रजिस्ट्रीकरण अधिकारी गुंजन सोनी ने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र 16 की परिधि में आने वाले सभी सरकारी कार्यालय, संस्थानों व उपक्रमों में मंगलवार को सार्वजनिक अवकाश रहेगा।

मतगणना 1 दिसंबर को

शहर के वार्ड 16 में मंगलवार को होने वाले उपचुनावों मतगणना 1 दिसंबर को सुबह आठ बजे से होगी। संभवत: चुनाव परिणाम दस बजे तक प्राप्त हो जाएगा।

फैक्ट फाइल

वार्ड 16

मतदाता-1393

पुरुष-726

महिला-667

बूथ संख्या-01