
बालोतरा (बाड़मेर)।
कांग्रेस के मेरा बूथ, मेरा गौरव कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट ने भाजपा संगठन को घेरते हुए कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री व भाजपा शासन ने एेसे हालात कर दिए हैं कि भाजपा चांदी का दीया लेकर ढूंढ रही है, लेकिन कोई प्रदेश अध्यक्ष नहीं मिल रहा है।
गुरुवार को शहर के प्रजापत छात्रावास में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि भाजपा की करारी हार निश्चित है, इसलिए कोई प्रदेश अध्यक्ष नहीं बनना चाह रहा है। जनता ने भाजपा की विदाई का मानस बना लिया है। पहले जनता मुख्यमंत्री से मिलने को तड़पती थी और अब मुख्यमंत्री जनता से मिलने को तड़प रही है।
फर्जी मतदाताओं के नाम जुड़वाकर मतदान करने की रणनीति बना चुकी भाजपा को कांग्रेस फेल करेगी। प्रदेश के 50 हजार बूथ पर कांग्रेस मजबूत होगी। पायलट ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में सरकार व चेहरे बदलने के लिए नहीं व्यवस्था बदलने के लिए चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पन्ना प्रमुख, पर्चा प्रमुख के नाम से भ्रम फैला रखा है, लेकिन अजमेर लोकसभा चुनाव में कई बूथों पर उसे एक वोट नहीं मिला।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में 22 उपचुनाव में 20 पर कांग्रेस विजय हुई। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता को जाति में बांटने का कार्य किया। देश में भाजपा उपचुनाव में हारने व पेट्रोल कीमतें बढ़ाने का रिकॉर्ड बना रही है। 150 किसानों ने आत्महत्याएं की। लहसुन भाव कम होने पर किसान जहर पी रहे हैं। मंत्रियों के घरों पर फव्वारे लग रहे हैं, लेकिन सरकार पीडि़तों की मदद नहीं कर रही है। काला कानून पर कांग्रेस व जनता के विरोध पर मुख्यमंत्री को घुटने टेकने पड़े।
रिफाइनरी को अटकाया- हरीश
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव हरीश चौधरी ने कहा कि भाजपा ने देश व प्रदेश में भ्रम व भ्रान्ति फैलाकर सत्ता प्राप्त की। प्रधानमंत्री ने वायदे किए, कार्य नहीं। फसल बीमा के नाम पर निजी कंपनियों में 22 हजार करोड़ जमा करवाएं, लेकिन 12 हजार करोड़ ही मुआवजा दिया। रिफायनरी जैसे प्रोजेक्ट को चार वर्ष अटकाए रखा फिर दुबारा शिलान्यास किया। भाजपा ने दो अप्रेल को सुनियोजित तरीके से कार्य करवाया। कमजोर व दलित वर्ग पर अत्याचार किया, मुकदमें दर्ज किए।
Updated on:
01 Jun 2018 07:10 am
Published on:
01 Jun 2018 07:07 am
बड़ी खबरें
View Allबाड़मेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
