प्रदेश की पिछली सरकार से लैपटॉप पाने की उम्मीद में सत्र दर सत्र बीत गए और सरकार चली गई लेकिन लैपटॉप नहीं मिले। यह व्यथा प्रदेश के 1 लाख 20 हजार विद्यार्थियों की है जो पूरे पांच साल लैपटॉप के इंतजार में रहे। अब नई सरकार आई है तो उन्हें उम्मीद है कि उनको लैपटॉप व टेबलेट अब तो मिलेंगे।
प्रदेश और जिले में पिछले पांच शिक्षा सत्र से मेधावी विद्यार्थी लैपटॉप और टेबलेट का इंतजार कर रहे हैं। लैपटॉप और टेबलेट बोर्ड परीक्षा में प्रतिभावान विद्यार्थियो को प्रोत्साहन के रूप में दिए जाते हैं। सरकार कक्षा 8, 10 और कक्षा 12 कला, विज्ञान, वाणिज्य सहित प्रवेशिका व वरिष्ठ उपाध्याय में 75 फीसदी से अधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को जिला व राज्य मैरिट के आधार पर लैपटॉप देती है।