
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहन। फोटो: पत्रिका
बालोतरा। अमरनाथ यात्रा के लिए आस्था और उत्साह के साथ निकले बालोतरा शहर के श्रद्धालुओं की यात्रा पंजाब में दर्दनाक हादसे में तब्दील हो गई। बठिंडा-डबवाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार तड़के सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टेंपो ट्रैवलर की भीषण टक्कर में राजस्थान के बालोतरा के एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही बालोतरा शहर में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार बालोतरा से करीब 12 श्रद्धालुओं का दल अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हुआ था। बुधवार सुबह करीब चार से पांच बजे के बीच पंजाब के बठिंडा-डबवाली हाईवे पर गांव जोधपुर रोमाणा के पास उनकी टेंपो ट्रैवलर सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री उसमें फंस गए। प्रारंभिक आशंका है कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ, हालांकि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच रिपोर्ट के बाद ही होगी।
हादसे में एक ही परिवार के चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई। मृतकों में दो सगी बहनें और उनके साढ़ू भाई शामिल बताए जा रहे हैं। आठ से अधिक घायल श्रद्धालुओं को पहले बठिंडा के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर घायलों को एम्स बठिंडा रेफर किया गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों, पुलिस और समाजसेवी संस्था सहारा जन सेवा की टीमों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को वाहन से बाहर निकाला।
अमरनाथ यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं के साथ हुए इस हादसे की सूचना जैसे ही बालोतरा पहुंची, पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और लोग लगातार घायलों की कुशलक्षेम की जानकारी जुटा रहे हैं। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है, जबकि प्रशासन मृतकों के पार्थिव शरीरों को उनके गृह नगर पहुंचाने की प्रक्रिया में जुटा हुआ है। श्रद्धालुओं की सुरक्षित यात्रा की कामना के बीच यह हादसा पूरे क्षेत्र के लिए गहरे सदमे का कारण बन गया।
Updated on:
01 Jul 2026 12:36 pm
Published on:
01 Jul 2026 12:36 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
