रागेश्वरी थाना पुलिस के अनुसार अणखिया निवासी प्रेमाराम पुत्र ठाकराराम ने रिपोर्ट पेश कर बताया कि शनिवार रात रेखाराम (24) ठाकराराम के साथ खुडासा के पास एक होटल पर पहुंचे। जहां आरोपी डालूराम, प्रहलादराम, कंवराराम, कमलेश सहित एक दर्जन लोग दो वाहनों में सवार होकर आए। आरोप है कि उन्होंने फायरिंग करते हुए रेखाराम की आंखों में मिर्ची डालकर अपहरण कर लिया। उसके बाद आरोपियों ने लोहे की रोड से मारपीट करते हुए हत्या की वारदात को अंजाम दिया। वारदात में रेखाराम की मौत हो गई। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द किया।