बालोतरा.
नगर के उपखंड सभागार में शनिवार शाम उपखंड अधिकारी भागीरथ राम चौधरी की अध्यक्षता में उपखण्ड स्तरीय शांति समिति बैठक हुई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कैलाशदान रतनू ने भारत बंद के दौरान बालोतरा में शांति व्यवस्था बनाए रखने पर धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि सभी समुदाय के लोग मिलजुल कर सदियों रहते आ रहे हैं। आगे भी इसी तरह प्रेम व सद्भाव बनाए रखें। सभापति रतन खत्री,ओमप्रकाश बांठिया, पारसमल भण्डारी, गुलाम रसुल टाक,सदस्य भंवरलाल दाणी ने कहा कि सभी आपस में भाईचारा एवं आपसी सौहार्द से रहेंं। भंवरलाल भाटी ने बंद के दौरान सहयोग करने पर व्यापार वर्ग का आभार ज्ञापित किया। उपखंड अधिकारी भागीरथ राम चौधरी ने कहा कि शहर में आपसी प्रेम व भाईचारा की संस्कृति को बनाए रखें। सभी एक-दूसरे का सम्मान व सहयोग करें। किसी भी प्रकार के जुलूस धरने व रैली के मार्ग का निर्धारण कमेटी की ओर से किया जाएगा। इसके बाद ही संचालन की अनुमति दी जाएगी। इसके लिए आयोजकों को पांच दिन पूर्व अपने कार्यक्रम की सूचि रूट प्लान के साथ उपखण्ड अधिकारी एवं उप अधीक्षक कार्यालय बालोतरा में प्रस्तुत करनी होगी। आयोजकों व कार्यकर्ताओं की रैली जुलूस,धरना के दौरान अनुशासन रखने की जिम्मेदारी होगी। बैठक में उपस्थित समस्त संगठनों के पदाधिकारियों ने 10 अप्रेल को किसी प्रकार की बंद या रैली से इनकार किया। इसे सोशल मीडिया पर भ्रामक प्रचार बताया। उपखंंड अधिकारी ने कहा कि सोशल मीडिया से भ्रामक प्रचार की समस्त जिम्मेदारी मैसेज करने वाले या मैसेज को शेयर करने वाले,ग्रुप एडमिन की रहेगी। उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। थानाधिकारी भंवरलाल सिरवी ने बंद के दौरान सहयोग करने पर आयोजकों का आभार जताया। बैठक में प्रधान बालोतरा ओमाराम भील, सीईटीपी अध्यक्ष सुभाष मेहता, तहसीलदार सुरेन्द्र कुमार , विकास अधिकारी सांवलराम चौधरी, उपसभापति राधेश्याम माली, रमेश राजपुरोहित कालूड़ी, बलवंत सिंह राजपुरोहित, चैनाराम मेवानगर, जितेंद्र हुडिय़ा, महेंद्र श्रीमाली, हेमाराम चौधरी आदि मौजूद थे।सिवाना. कस्बे के थाना परिसर में शनिवार को सीएलजी सदस्यों की बैठक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कैलाशदान रतनू की अध्यक्षता में हुई। रतनू ने कहा कि सदस्य अपने अपने क्षेत्र में शांति व सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए आमजन से समझाइश कर प्रयास करें। किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधियों पर नजर रखें। प्रशासन व पुलिस को सूचना दें। इस अवसरपर व्यापारी एसोसिएशन अध्यक्ष झनकारमल चौपड़ा, थानाधिकारी अमरसिंह राठौड़, मालमसिंह पिपलून, लच्छीराम माली मौजूद थे। कांग्रेस नेता संत निर्मलदास, पूर्व प्रधान ओमाराम मेघवाल ने पुलिस के अधिकारियों से भेंटकर कस्बे सहित क्षेत्र में शांति व सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए पुलिस की माकूल व्यवस्था रखने,निर्दोष के खिलाफ मामला दर्ज नहीं करने की मांग की।